विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवान में दिनदहाड़े ज्वेलर्स को दुकान में घुसकर मारी गोली, भाग रहे चार में से दो अपराधी दबोचे गए

Published: Tue, 08 Sep 2026 02:08 PM (IST)

सिवान में दिनदहाड़े अपराधियों ने नीरज ज्वेलर्स के मालिक दिलीप वर्मा को दुकान में घुसकर गोली मार दी, जिससे वे ...और पढ़ें

घटना के बाद दुकान के बाहर लगी भीड़ और जानकारी लेती पुलिस। जागरण

घटना के बाद दुकान के बाहर लगी भीड़ और जानकारी लेती पुलिस। जागरण

HighLights

  1. सिवान में नीरज ज्वेलर्स के मालिक को गोली मारी गई।

  2. दुकान मालिक दिलीप वर्मा गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर।

  3. भाग रहे चार में से दो अपराधी मौके पर ही पकड़े गए।

संवाद सूत्र, दरौली। सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी पर मंगलवार को मंदिर के ठीक सामने स्थित नीरज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े घुसकर अपराधियों ने दुकानदार दिलीप वर्मा को गोली मार दी।

गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गोली और चाकू के वार से घायल होने के बावजूद दिलीप वर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया।

इसी दौरान आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दो अपराधियों को पकड़ लिया गया। हालांकि, अन्य अपराधी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

दो बाइक से आए थे अपराधी 

जानकारी के अनुसार, रामपुर सरया निवासी दिलीप वर्मा प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी टड़वा चट्टी स्थित अपनी सोना-चांदी की दुकान पर बैठे थे।

करीब एक बजे दिन में चार अपराधी दो मोटरसाइकिल से दुकान में पहुंचे और दुकान में घुसकर दिलीप वर्मा पर गोली चला दी। अपराधियों ने उन पर चाकू से भी वार किया।

बताया जा रहा है कि अपराधी दो मोटरसाइकिल से आए थे। एक मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपराधी फरार हो गए।

घटना के विरोध में सड़क जाम 

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गुठनी-दरौली मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और वरीय पदाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल दुकानदार का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।