सिवान में अवैध पटाखा भंडार में भीषण विस्फोट: 5 की मौत, कई लापता; थानाध्यक्ष और चौकीदार सस्पेंड
सिवान के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए विस्फोट में पांच लोगों ...और पढ़ें
HighLights
सिवान में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुआ विस्फोट।
विस्फोट में तीन लोगों की मौत की हुई है पुष्टि।
लापरवाही पर थानाध्यक्ष और चौकीदार हुए निलंबित।
जागरण संवाददाता, बड़हरिया(सिवान)। सिवान के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम अवैध पटाखा भंडार में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर जा गिरा।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे। हादसे में पांच लोगों की मौत की मेडिकल टीम ने पुष्टि की है। हालांकि, कुछ लोगों के लापता होने की सूचना के कारण मृतकों की वास्तविक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है।
विस्फोट के बाद घर से भागे कुछ लोग, अब तक लापता
एसपी भारत सोनी ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, विस्फोट के समय कुछ लोग घर से निकलकर भाग गए थे। उनका भी अब तक पता नहीं चल सका है। ऐसे में मृतकों और लापता लोगों की संख्या को लेकर फिलहाल स्पष्ट रूप से कुछ कहना संभव नहीं है।
लगातार धमाकों और धुएं के बीच राहत-बचाव कार्य चलाने में परेशानी हुई। हादसे में मारे गए लोगों के क्षत-विक्षत शवों की पहचान करना भी चुनौती बना रहा।
चर्चा है कि हादसे में अमीरुद्दीन मियां के अलावा दो मजदूर, उनकी तीन पौत्रियों और एक पौत्र की मौत हुई है। हालांकि, इन मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अमीरुद्दीन के मकान में रखा था पटाखों का भंडार
आलमपुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखों का भंडार था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए पटाखों की आपूर्ति करते थे। मकान में पटाखा बनाने के लिए रसायन और विस्फोटक सामग्री रखे होने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, विस्फोट किस वजह से हुआ, इसका अब तक पता नहीं चल सका है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
डीआइजी, डीएम और एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। बाद में डीआइजी सारण, जिलाधिकारी, एसपी और महाराजगंज के अनुमंडल पदाधिकारी ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल, डाग स्क्वायड, मेडिकल और बिजली विभाग की टीमों ने भी जांच में सहयोग किया।
घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनुसंधान की जिम्मेदारी महाराजगंज के सर्किल इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम भी गठित की गई है।
थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार निलंबित
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भारत सोनी ने जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस हादसे के कारणों, पटाखों के भंडारण और संभावित लापता लोगों के संबंध में जांच कर रही है।
सिवान-सारण में पहले भी हो चुके हैं जानलेवा विस्फोट
पटाखा निर्माण के दौरान सिवान और सारण में पहले भी जानलेवा हादसे हो चुके हैं। इन घटनाओं में लोगों की जान गई है और कई लोग घायल हुए हैं।
- 22 जनवरी 2026: सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे।
- 13 अक्टूबर 2025: सारण के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के उलहनपुर गांव में पटाखा विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
- 16 मई 2024: सारण के गड़खा थाना क्षेत्र के मोतिराजपुर गांव में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की जान गई थी और एक किशोर घायल हुआ था।
- 24 जुलाई 2022: सारण के खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग में पटाखा निर्माण के दौरान हुए विस्फोट में छह लोगों की मौत हुई थी।
यह भी पढ़ें- पश्चिमी चंपारण के भितहा में विद्यालय की जर्जर छत का प्लास्टर गिरा, दो छात्राएं घायल
