मेला देखकर नेपाल से लौट रहे लोगों की स्कार्पियो सीतामढ़ी में दुर्घटनाग्रस्त, महिला की मौत, पांच घायल
नेपाल में लगे गेउरका मलमास मेले से लौट रहे एक परिवार की स्कार्पियो सीतामढ़ी के बेला थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
नेपाल से लौटते समय सीतामढ़ी में स्कार्पियो पलटी।
हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत, पांच घायल।
बेला थाना क्षेत्र के बथुआरा गांव के पास घटना।
संवाद सहयोगी, परिहार (सीतामढ़ी) । नेपाल में लगे गेउरका मलमास मेले की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मेला देखकर लौट रहे एक परिवार की स्कार्पियो सीतामढ़ी के बेला थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मेला देखकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार परिहार थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी काजल कुमारी अपने बच्चों और मायके पक्ष के लोगों के साथ स्कार्पियो बुक कर नेपाल में लगने वाले गेउरका मलमास मेले में गई थीं। मेला घूमने के बाद सभी लोग घर लौट रहे थे।
बथुआरा के पास हुआ हादसा
रविवार को लौटने के दौरान बेला थाना क्षेत्र के बथुआरा गांव के समीप स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कार्पियो सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना तेज था कि वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए।
इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ा
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल काजल कुमारी को बचाने की हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना में पांच लोग घायल
हादसे में लीला देवी, विनोद सिंह, निमिया कुमारी, कन्या कुमारी और आयुष कुमार घायल हो गए। सभी का इलाज सीतामढ़ी शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
खबरें और भी
मायके में पसरा मातम
काजल का मायका बेला थाना क्षेत्र के नरगां गांव में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल दोनों जगह शोक का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।