यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sitamarhi News: सीतामढ़ी में ट्रैफिक पुलिस की वसूली का वीडियो वायरल, डीएसपी ने दिए जांच के आदेश
सीतामढ़ी में एक सब-इंस्पेक्टर का बाइक सवार से 2000 रुपये वसूलने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने पर यह रकम वसूली गई। ...और पढ़ें

HighLights
- बाइक सवार से प्रदूषण प्रमाण-पत्र के नाम पर सब-इंस्पेक्टर ने वसूले दो हजार रुपये
- दो हजार में सेटल कर पुलिस पदाधिकारी ने नहीं दी रसीद
- इंटरनेट पर वीडियो हो रहा वायरल
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने पर बाइक सवार व्यक्ति से सब इंस्पेक्टर की ओर से दो हजार रुपये वसूलने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मामला सामने आने पर डीएसएपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
शहर के कारगिल चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान मेजरगंज क्षेत्र के विशनपुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह की बाइक रोकी गई। तलाशी में कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली। इस पर अफसर ने वाहन के कागजात दिखाने को कहा। उन्होंने सभी कागजात दिखाए। प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके।
पुलिस पदाधिकारी ने मांगे 11 हजार रुपये
उपेंद्र का आरोप है कि इस पर यातायात पुलिस पदाधिकारी ने उनसे 11 हजार रुपये मांगे। पांच हजार रुपये में मोलजोल करने लगे। नहीं देने की बात कहने पर पुलिस पदाधिकारी गुस्सा गए। वर्दी की धौंस दिखाते हुए कहने लगे कि आन ड्यूटी पुलिस पदाधिकारी से बहस करने के कारण अब आपको 11 हजार रुपये देने होंगे।
सड़क पर होने लगी तू-तू, मैं-मैं
दोनों के बीच कहासुनी और तू-तू, मैं-मैं होने लगी। अंत में उपेंद्र को प्रदूषण के नाम पर दो हजार रुपये देने पड़े। इसके बदले उन्हें चालान की कोई रसीद नहीं दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो वहां उपस्थित किसी व्यक्ति ने बना इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
खबरें और भी
पीड़ित ने पुलिस कप्तान और यातायात डीएसपी से इसकी शिकायत की। यातायात डीएसपी दीपक कुमार का कहना है कि यातायात थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर एस. सुमन को जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।