सीतामढ़ी में किसान की हत्या कर शव फेंका, पेट पर चाकू के कई निशान
सीतामढ़ी के सपहा गांव में 48 वर्षीय किसान सखीचंद्र शर्मा की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। उनके शरीर पर चाकू के कई गहरे निशान मिले हैं, पुलिस मामल ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी । चोरौत थाना क्षेत्र की भंटाबारी पंचायत के सपहा गांव निवासी 48 वर्षीय किसान सखीचंद्र शर्मा की हत्या कर रविवार को सपहा व बनटोलवा गांव के बीच सरेह में शव फेंक दिया गया।
मृतक सपहा गांव निवासी स्व. गणपत शर्मा के पुत्र थे। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। उनके शरीर पर गर्दन व पेट समेत कई जगहों पर चाकू से वार किए गए थे, जिसके निशान स्पष्ट दिख रहे थे।
पेट पर चाकू से काटे जाने के कारण आंत बाहर निकली हुई थी। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हत्या का कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो सका है। जिला मुख्यालय से जांच के लिए फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर पहुंचकर कई साक्ष्य एकत्रित किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सखीचंद्र ठाकुर शनिवार को खेत जोतवाने और रोपनी कराने के उद्देश्य से सरेह स्थित अपने खेत की ओर गए थे।
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर स्वजन उनकी तलाश में जुट गए। रातभर विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार दोपहर बाद कुछ मजदूर सरेह से गुजर रहे थे तो उनकी नजर शव पर पड़ी। शव की स्थिति देखकर मजदूरों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर इसकी जानकारी डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी।
इसके बाद अपर थानाध्यक्ष विक्की कुमार, एसआई डीके निषाद, एएसआई राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष मोनी कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फारेंसिक रिपोर्ट के साथ ही अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
मृतक के परिवार में वृद्ध माता-पिता के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र दूसरे शहर में रहकर बढ़ई का काम करता है, जबकि पुत्री की शादी हो चुकी है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।