Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीतामढ़ी में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी दुकानदार को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 07:42 PM (IST)

    सीतामढ़ी के परिहार प्रखंड में एक दुकानदार को नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। पुलिस ने आरोपी को छुड़ाकर गिरफ्तार किया और पॉ ...और पढ़ें

    पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और गिरफ्तार कर लिया। प्रतीकात्म्क फोटो

    पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और गिरफ्तार कर लिया। प्रतीकात्म्क फोटो

    जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Minor Molestation: जिले के परिहार प्रखंड अंतर्गत बेला थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों ने एक दुकानदार को बंधक बना लिया।

    सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और गिरफ्तार कर लिया। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    सामान खरीदने गई थी नाबालिग

    जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की अपनी एक सहेली के साथ दुकान पर सामान खरीदने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार दिनेश सिंह (55) ने उसके साथ छेड़छाड़ की।

    घर लौटने पर पीड़िता ने पूरी घटना अपने स्वजन को बताई। इसके बाद मामला गांव में फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी की दुकान पर पहुंच गए।

    ग्रामीणों ने बनाया बंधक

    आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी दुकानदार को बंधक बना लिया। माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोग उसे स्वयं सजा देने की बात करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर बेला थानाध्यक्ष अचल अनुराग पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

    पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया।

    पॉक्सो के तहत मामला दर्ज

    थानाध्यक्ष अचल अनुराग ने बताया कि पीड़िता की मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।