सीतामढ़ी के परिहार में दो दिनों से लापता युवक का नदी में मिला शव, हत्या की आशंका
सीतामढ़ी के परिहार थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता युवक श्याम सुंदर कुमार का शव नदी से बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, पुलिस मामले ...और पढ़ें

शव मिलने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
परिहार में दो दिनों से लापता युवक का शव मिला।
बारा पुल के नीचे मरहा-हरदी नदी से बरामद हुआ।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Missing Youth: जिले के परिहार थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता युवक का शव शनिवार को नदी की धार से बरामद हुआ।
बारा पुल के नीचे मरहा-हरदी नदी की धार से मिले शव की पहचान महादेवपट्टी मठ टोल निवासी योगेंद्र राय के 35 वर्षीय पुत्र श्याम सुंदर कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार श्याम सुंदर छह अगस्त की शाम से घर से लापता था। उसकी मां रेणु देवी ने बताया कि श्याम सुंदर के मोबाइल पर फोन कर किसी व्यक्ति ने उसे पुल के समीप बुलाया था। वहां से वह व्यक्ति श्याम सुंदर को अपनी बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया था।
देर रात तक श्याम सुंदर के घर नहीं लौटने पर स्वजन को चिंता हुई। रेणु देवी ने आसपास उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। मोबाइल पर फोन करने पर वह स्विच ऑफ मिला और रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी लेने के बावजूद श्याम सुंदर का पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह मुखिया ने रेणु देवी को बारा गांव के पास पुल के नीचे युवक का शव मिलने की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचीं और शव की पहचान अपने पुत्र श्याम सुंदर कुमार के रूप में की। उन्होंने भी अपने पुत्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
खबरें और भी
सूचना मिलने पर परिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने बताया कि श्याम सुंदर की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस हर बिंदु से मामले की जांच कर रही है। स्वजन की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।