Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीतामढ़ी के चोरौत में मटकोर के दौरान अनियंत्रित विवाह रथ की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

    By Vijay K Kumar Edited By: Ajit kumar
    Updated: Sat, 18 Apr 2026 02:28 PM (IST)

    सीतामढ़ी के चोरौत थाना क्षेत्र में मटकोर कार्यक्रम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। भंटाबारी गांव में अनियंत्रित विवाह रथ की चपेट में आने से 70 वर्षीय ब ...और पढ़ें

    इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। 

    जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Wedding Rath Mishap: जिले के चोरौत थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मटकोर कार्यक्रम के दौरान विवाह रथ की ठोकर से एक वृद्ध की मौत हो गई।

    जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना भंटाबारी गांव की है, जहां शादी समारोह के बीच अचानक यह हादसा हो गया।

    मटकोर कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा

    जानकारी के अनुसार, भंटाबारी पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी 70 वर्षीय बाल घुघुर मुखिया अपने घर के पास दलान पर बैठे थे। उनके साथ वार्ड संख्या 12 निवासी 55 वर्षीय जयराम राउत भी मौजूद थे।

    इसी दौरान गांव में निर्गुण राम की बेटी के मटकोर कार्यक्रम में शामिल विवाह रथ को पुल के पार हाई स्कूल के पास घुमाया जा रहा था।

    अनियंत्रित होकर लोगों को मारी टक्कर

    रथ अचानक अनियंत्रित हो गया और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में बाल घुघुर मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जयराम राउत का पैर फ्रैक्चर हो गया।

    अस्पताल ले जाने के दौरान वृद्ध की मौत

    घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों को आनन-फानन में पुपरी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जयराम राउत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि बाल घुघुर मुखिया ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

    पुलिस ने रथ को किया जब्त

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मोनी कुमारी और एएसआई विक्की कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने विवाह रथ को भी जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि रथ गांव के ही विजय दास के पुत्र दिलीप दास का है।