सीतामढ़ी में फर्जी आधार बनाने का भंडाफोड़, लैपटॉप और बायोमीट्रिक उपकरण के साथ एक गिरफ्तार
Bihar Cyber Crime: सीतामढ़ी के परिहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। छापे ...और पढ़ें

बरामद सामग्री व गिरफ्तार कैफे संचालक के साथ पुलिस टीम। सौ. पुलिस।
HighLights
सीतामढ़ी में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाला गिरोह पकड़ा गया।
पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपित गजेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया।
लैपटॉप, बायोमीट्रिक उपकरण सहित कई इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त हुए।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Fake Aadhaar: जिले के परिहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया। मौके से लैपटॉप, बायोमीट्रिक उपकरण, फिंगरप्रिंट स्कैनर, वेबकैम और फोटो प्रिंटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
गुप्त सूचना पर दुकान में छापेमारी
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर परिहार थाना पुलिस ने परवाहा चौक स्थित एक दुकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बबरुबन गांव निवासी 35 वर्षीय गजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह सूरज राय का पुत्र बताया गया है।
पूछताछ में फर्जीवाड़े का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन माध्यम से आधार कार्ड समेत विभिन्न सरकारी प्रमाण-पत्र तैयार करने का कार्य करता था।
जांच के दौरान वह आधार नामांकन या अपडेट से संबंधित कोई वैध प्राधिकरण अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
लैपटॉप और अन्य उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो लैपटॉप, एक मॉर्फो फिंगरप्रिंट स्कैनर, लाइव स्कैन फिंगरप्रिंट एवं आइडेंटिफिकेशन डिवाइस, एक वेबकैम तथा एक एप्सन फोटो प्रिंटर बरामद किया। पुलिस इन उपकरणों की तकनीकी जांच भी करा रही है ताकि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
नेटवर्क से जुड़े अन्य की तलाश
इस मामले में परिहार थाना कांड संख्या 191/26 दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसके तार किन-किन क्षेत्रों तक फैले हैं।
खबरें और भी
फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले तथा साइबर अपराध से जुड़े तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी थानों को सख्त निर्देश दिया गया है।
\अमित रंजन, पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी