विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोस्त की बर्थडे पार्टी में पटना गए सीतामढ़ी के युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत, हत्या का आरोप

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:03 PM (IST)

Patna Birthday Party Death: सीतामढ़ी के मेहंदी नगर निवासी शुभम पांडेय की पटना में दोस्त की बर्थडे पार्टी में संदिग्ध ...और पढ़ें

शुभम पांडेय की फाइल फोटो व घटना की सूचना मिलने पर एकत्रित ग्रामीण।

शुभम पांडेय की फाइल फोटो व घटना की सूचना मिलने पर एकत्रित ग्रामीण।

HighLights

  1. सीतामढ़ी के शुभम पांडेय की पटना में संदिग्ध मौत।

  2. स्वजनों ने दोस्तों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया।

  3. पुलिस दोस्तों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।

संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Sitamarhi Youth Death: दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने पटना गए सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र के मेहंदी नगर निवासी युवक शुभम पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

वह मोहन पांडेय का पुत्र था। स्वजन ने उसके दोस्तों पर पार्टी के दौरान जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

स्वजन के अनुसार मंगलवार को शुभम अपने दोस्तों के साथ छह बाइक से पटना के बोरिंग रोड इलाके में आयोजित बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था।

पार्टी में जाने के बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद शुभम की बाइक बोरिंग रोड इलाके में लावारिस हालत में मिली।

बोरिंग रोड में मिली बाइक

शुभम की बाइक लावारिस हालत में मिलने के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पटना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव स्वजन को सौंप दिया गया। बुधवार को शुभम का शव मेहंदी नगर स्थित घर पहुंचा। शव पहुंचते ही स्वजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। शव देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

यह भी पढ़ें- पश्चिम चंपारण में चार बच्चों की मां की संदिग्ध स्थिति में मौत, पति पर जहर देकर हत्या का आरोप

दोस्तों से पूछताछ जारी

स्वजन ने पार्टी में शुभम के साथ मौजूद दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पार्टी में शामिल दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस बोरिंग रोड इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पार्टी के दौरान आखिर क्या हुआ था और शुभम की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए कहां ले जाया गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा।

रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल युवक की मौत को लेकर स्वजन द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस पार्टी में मौजूद लोगों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।