सीतामढ़ी के महिंदवारा में भूमि विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, दो महिलाएं गिरफ्तार
Bihar Crime News: सीतामढ़ी के महिंदवारा में पुराने भूमि विवाद को लेकर 22 वर्षीय चंदन कुमार की चाकू और गड़ासे से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले ...और पढ़ें

हमले में चंदन की मौके पर ही मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो
संवाद सहयोगी, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Youth Murder: महिंदवारा थाना क्षेत्र के सुगरीडीह गांव के वार्ड संख्या 03 में पुराने भूमि विवाद को लेकर हथियारबंद लोगों ने घर पर हमला कर 22 वर्षीय चंदन कुमार की हत्या कर दी।
रविवार की शाम करीब पांच बजे चंदन अपने दरवाजे पर बैठा था, तभी नामजद आरोपितों ने हमला बोल दिया। चाकू और गड़ासा से किए गए हमले में चंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राथमिकी के अनुसार, हमलावरों में शैलेन्द्र कुमार और गोलू कुमार पिस्टल से वहां मौजूद लोगों को भयभीत कर रहे थे। इसी दौरान दशरथ राय ने चाकू और छोटेलाल राय ने गड़ासा से चंदन कुमार पर हमला किया। गंभीर प्रहार से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के स्वजन में कोहराम मच गया और गांव में तनाव की स्थिति देखी जा रही है।
मृतक के पिता वीरेंद्र राय के फर्दबयान के आधार पर महिंदवारा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें सुगरीडीह गांव के छोटेलाल राय, दशरथ राय, गोलू कुमार, शैलेन्द्र कुमार, पूनम देवी, डाली कुमारी और बबीता कुमारी समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपितों में पूनम देवी और डाली कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि फरार अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्वजन के अनुसार, आरोपितों के साथ करीब दो वर्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।