शेखपुरा में मेडिकल कॉलेज को लेकर सियासी घमासान, सरकार के खिलाफ उतरी चिराग की पार्टी
शेखपुरा मेडिकल कॉलेज के स्थान को लेकर विवाद गहरा गया है। विपक्षी महागठबंधन और एनडीए सहयोगी लोजपा (रामविलास) प्रशासन द्वारा इसे दूरस्थ क्षेत्र में स्था ...और पढ़ें

लोजपा के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली। फोटो जागरण
HighLights
विपक्षी महागठबंधन और लोजपा ने मेडिकल कॉलेज स्थानांतरण का विरोध किया।
प्रशासन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दरकिनार करने का आरोप लगा।
जिलाधिकारी ने कहा, अभी मेडिकल कॉलेज के लिए स्थल तय नहीं।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। सरकार से स्वीकृत मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय से बाहर सुदूर क्षेत्र में ले जाने का मुद्दा दूसरे दिन और मुखर हो गया। इस मुद्दे पर विपक्षी महागठबंधन के साथ एनडीए की सहयोगी लोजपा (रामविलास) भी प्रशासन के कथित प्रयास के विरोध में सड़क पर आ गई है।
इन नेताओं ने जिला प्रशासन पर जिला के विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दूर रखकर बंद कमरे में स्वयं चार-पांच पदाधिकारी के मिलकर निर्णय लेने का आरोप लगाया है।
महागठबंधन ने इस मुद्दे पर 19 जनवरी को आंदोलन की घोषणा की है, जबकि लोजपा के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने कल सोमवार को होने वाली दिशा की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की बात कही है।
हालांकि इस मुद्दे पर शुक्रवार को ही जिलाधिकारी शेखर आनंद ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है अभी मेडिकल कॉलेज के लिए कई जगहों को देखा जा रहा है और अंतिम रूप से कोई स्थल चिंहित नहीं हुआ है।
असल में यह मुद्दा बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा मेडिकल कॉलेज के लिए सुदूर खुड़िया वाजिदपुर में भूमि देखे जाने की बात सामने आने के बाद गरमाया है। इससे पहले मेडिकल कॉलेज के लिए पचना, कारे, मटोखर की बात सामने आ रही थी।
शुक्रवार को जितेंद्र नाथ के आगे बढ़ने के बाद शनिवार को महागठबंधन के सहयोगी दलों ने भी सामने आकर इस मुद्दे पर अपनी आपत्ति जताई तथा शेखपुरा के आस-पास ही मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग की।
इसी मुद्दे पर लोजपा के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने प्रेस वार्ता करके इस मुद्दे पर विरोध जताया है और कहा कि खुड़िया वाजिदपुर ले जाना साजिश है, जिसे नाकाम कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शेखपुरा के आसपास पचना, मटोखर, कारे, फरपर भी प्रयाप्त भूमि है,मगर जिला प्रशासन किसी से राय-सलाह भी नहीं करता है।