शिवहर में माथे पर तिलक, गले में रुद्राक्ष... हर-हर महादेव बोलकर पांच लाख के गहने ले उड़े तीन ठग
शिवहर में साधु के वेश में आए तीन ठगों ने एक परिवार को गहने दोगुना करने का झांसा देकर 5 लाख से अधिक के आभूषण उड़ा लिए। मंत्र पढ़ने का नाटक कर गहनों को ...और पढ़ें

घटना की सूचना पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण
जागरण संवाददाता, शिवहर। माथे पर तिलक-चंदन, गले में रुद्राक्ष की माला और जुबां पर हर-हर महादेव... पहली नजर में तीनों साधु-संत ही नजर आ रहे थे। महादेव की कृपा से गरीबी दूर करने और आभूषण दोगुना करने की बातों ने घर की महिलाओं को ऐसा विश्वास दिलाया कि उन्होंने एक-एक कर अपने सारे गहने उनके हवाले कर दिए।
मंत्र पढ़ने और पानी डालने के बाद गहनों को कपड़े की पोटली में सुरक्षित रखने का भरोसा देकर तीनों वहां से निकल गए। कुछ देर बाद पोटली खोली गई तो उसमें गहने नहीं थे। पांच लाख रुपये से अधिक के आभूषण लेकर तीनों ठग फरार हो चुके थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अपाची बाइक से पहुंचे तीन युवक
घटना तरियानी प्रखंड अंतर्गत बैजनाथपुर वार्ड 12 की है। बताया गया कि तीनों बदमाश अपाची बाइक से कलवेंद्र कुमार के घर पहुंचे थे। साधु-संत के वेश में पहुंचे युवकों ने घर के बाहर हर-हर महादेव का जयकारा लगाया। इसके बाद उन्होंने गृहस्वामी और परिवार की महिलाओं से बातचीत शुरू की।
महादेव की कृपा का दिया भरोसा
बदमाशों ने परिवार को बताया कि महादेव की कृपा से उनकी सारी गरीबी दूर हो जाएगी। बातचीत के दौरान उन्होंने महिलाओं को अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद आभूषण दोगुना करने का दावा करते हुए घर में रखे जेवरात निकालने को कहा।
खबरें और भी
एक-एक कर निकलवाए सारे गहने
बदमाशों के झांसे में आकर परिवार की महिलाओं ने एक-एक कर नथिया, टीका, चेन, मंगलसूत्र, ढोलना, पायल और दो हनुमानी समेत अन्य आभूषण निकाल दिए। इनकी कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। तीनों ने गहनों पर पानी डालकर मंत्र पढ़ने का नाटक किया।
पोटली खोली तो उड़ गए होश
इसके बाद बदमाशों ने सभी आभूषणों को कपड़े में लपेटकर पोटली बनाई और उसे सुरक्षित बक्से में रखने की बात कही। कल वेंद्र कुमार की पत्नी समेत परिवार की महिलाओं ने उनके कहे अनुसार पोटली बक्से में रख दी। तीनों बदमाश इसके बाद वहां से निकल गए।कुछ देर बाद जब पोटली खोली गई तो परिवार के होश उड़ गए। उसमें एक भी गहना नहीं था। इसके बाद घर में हड़कंप मच गया।
गांव में मची बदमाशों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों ने तीनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों और गांव में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। स्वजन अब पुलिस से शिकायत करने की तैयारी में हैं। साधु-संत के वेश में ठगी की इस घटना से पूरे गांव में चर्चा और दहशत का माहौल है।