Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सावन के दूसरे रविवार को देकुली धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, डुब्बाघाट तक कड़ा पहरा

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 02:51 PM (IST)

    शिवहर के देकुली धाम में सावन के दूसरे रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भुवनेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक किया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ...और पढ़ें

    अलसुबह से ही जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार। फोटो: जागरण

    अलसुबह से ही जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार। फोटो: जागरण

    जागरण संवाददाता, शिवहर। Deokuli Dham Sawan: शिवहर के बाबा भुवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर देकुली धाम में सावन के दूसरे रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ा।

    अलसुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई और हजारों लोगों ने बाबा का जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

    अलग-अलग अरघा से जलाभिषेक

    जलाभिषेक के लिए मंदिर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग दो अरघा लगाए गए थे। मंदिर के गर्भगृह के गेट पर लगाए गए अरघा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।

    deokuli dham sawan second sunday sheohar

    पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पश्चिम से हाईवे, सरोवर और भैरव बाबा मंदिर के बगल से प्रवेश तथा पूर्वी गेट से निकास की व्यवस्था की गई।

    महिलाओं के लिए अलग रास्ता

    महिला श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पूर्वोत्तर गेट से प्रवेश और पूर्वी भाग से निकास की व्यवस्था रही। देकुली धाम में प्रत्येक रविवार जलाभिषेक की परंपरा है। सावन के पहले रविवार को भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया था।

    धार्मिक आयोजन भी हुए

    मंदिर परिसर में मुंडन, उपनयन, महादेव पूजन, महामृत्युंजय जाप और रुद्राभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होते रहे। सावन के दौरान देकुली धाम में प्रत्येक रविवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसको देखते हुए मंदिर और आसपास के क्षेत्र में विशेष व्यवस्था की गई।

    डुब्बाघाट तक सुरक्षा

    रविवार को देकुली धाम मंदिर से लेकर डुब्बाघाट तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। मंदिर परिसर में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहा और बड़ी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल तैनात किए गए। मेडिकल टीम और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर तैनात रहीं।

    33 कैमरों से निगरानी

    मंदिर और आसपास के इलाकों की 33 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। तीन शिफ्ट में 200 अधिकारी, 350 पुलिस बल और 100 से अधिक वालंटियर ने सुरक्षा की कमान संभाली। देकुली धाम पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहे।

    खबरें और भी