Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिवहर में मुजफ्फरपुर के मोबाइल व्यवसायी को गोली मारी, डेढ़ लाख नकद और 16 मोबाइल लूटे

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 02:16 PM (IST)

    शिवहर में बदमाशों ने एक मोबाइल व्यवसायी सचिन कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया और उनसे डेढ़ लाख रुपये नकद व 16 मोबाइल फोन लूट लिए। यह घटना शिवहर-मुजफ्फ ...और पढ़ें

    शिवहर सदर अस्पताल में भर्ती जख्मी मोबाइल व्यवसायी। फोटो: जागरण

    शिवहर सदर अस्पताल में भर्ती जख्मी मोबाइल व्यवसायी। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. शिवहर में मोबाइल व्यवसायी को गोली मारकर लूटा गया।

    2. बदमाशों ने डेढ़ लाख नकद और 16 मोबाइल लूटे।

    3. पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी, सीसीटीवी खंगाल रही।

    जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Mobile Businessman Loot: शिवहर-मुजफ्फरपुर स्टेट हाईवे से सटे तरियानी थाना क्षेत्र के शरीफनगर गांव के पास शनिवार की रात बदमाशों ने मोबाइल व्यवसायी सचिन कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया।

    बदमाशों ने हथियार के बल पर उनसे डेढ़ लाख रुपये नकदी और 16 मोबाइल हैंडसेट लूट लिए। वारदात के बाद तीनों बदमाश एक बाइक से फरार हो गए।

    मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के बेलाही लच्छी गांव निवासी कमलेश राय के पुत्र सचिन कुमार अपने चाचा रंजीत कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।

    दोनों मीनापुर थाना क्षेत्र के तुर्की मार्केट स्थित सीएससी-मोबाइल दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान शरीफनगर गांव के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

    बदमाशों ने सचिन और उनके चाचा से लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान सचिन की बदमाशों से हाथापाई भी हुई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली सचिन के हाथ में लग गई।

    गोली लगने के बाद सचिन सड़क पर गिर पड़े और बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और स्वजनों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। उनका सदर अस्पताल में इलाज जारी है।

    घटना की सूचना मिलने के बाद तरियानी थाने की पुलिस जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घायल से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।