विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेला में पशुओं के इलाज के लिए बनेगा अस्थायी अस्पताल, वाटरप्रूफ पंडाल और कॉटेज की भी मिलेगी सुविधा

Published: Thu, 08 Oct 2026 03:18 PM (IST)

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में पशुओं के इलाज हेतु अस्थायी पशु चिकित्सालय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए सारण जिला पशुपालन ...और पढ़ें

सोनपुर मेला में पशुओं के इलाज के लिए बनेगा अस्थायी अस्पताल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

सोनपुर मेला में पशुओं के इलाज के लिए बनेगा अस्थायी अस्पताल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सोनपुर मेले में अस्थायी पशु चिकित्सालय की व्यवस्था।

  2. पशुओं के इलाज हेतु 32 प्रकार के सामानों का टेंडर।

  3. वाटरप्रूफ पंडाल, कॉटेज और अस्थायी शौचालय भी बनेंगे।

जागरण संवाददाता, छपरा। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में पशुओं के इलाज की व्यवस्था इस बार भी जमीन पर उतरने लगी है। मेले में अस्थायी पशु चिकित्सालय शिविर के साथ विभागीय कार्यालय और कर्मियों के आवास की व्यवस्था होगी। इसके लिए सारण जिला पशुपालन पदाधिकारी ने 32 प्रकार के सामान किराये पर लेने के लिए अल्पकालीन निविदा जारी की है।

22 नवंबर से 23 दिसंबर तक जरूरत

विभाग को पूरे मेला अवधि के लिए सामान चाहिए। मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा। इच्छुक आपूर्तिकर्ता 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे तक सीलबंद लिफाफे में निविदा जमा कर सकते हैं। निविदाएं उसी दिन सुबह 11:30 बजे क्रय समिति के सदस्यों की मौजूदगी में खोली जाएंगी।

पंडाल, काटेज और बिस्तर भी होंगे किराये पर

इस निविदा में वाटरप्रूफ पंडाल और सामान्य पंडाल की मांग की गई है। दोनों में वालिंग-सीलिंग की व्यवस्था भी रहेगी। इसके अलावा दरी, जाजिम, स्वीस काटेज, चौकी, तोसक, चादर, मशलंद और कंबल की भी जरूरत होगी। स्वीस काटेज चबूतरे और कारपेट के साथ उपलब्ध कराने होंगे।

शौचालय से पानी तक की व्यवस्था

मेले में अस्थायी शौचालय भी बनाए जाएंगे। इनके साथ घेरा और निर्धारित अवधि पर सफाई की व्यवस्था रहेगी। ईंट का गेट, घास की छिलाई और समतलीकरण, पानी के टेप के साथ जलापूर्ति, रंगीन कनात और टीन-करकट का घेरा भी निविदा में शामिल है। ईंट की सोलिंग और ईंट का सिंघाड़ा भी कराया जाएगा।

रोशनी और बैठने का भी इंतजाम

अस्थायी शिविर और कार्यालय को रोशन करने के लिए 12 वाट के एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट, सीरीज झालर, वेपर लाइट और ग्लोब बल्ब की व्यवस्था होगी। कारपेट, ईंट का चबूतरा, बेसिन और अन्य जरूरी सामान भी किराये पर लिए जाएंगे। टेबल, टेबल क्लाथ, फाइबर कुर्सी, फाइबर टेबल और सोफा सेट की भी व्यवस्था की जाएगी।

मेला अवधि तक चलेगा अस्थायी पशु चिकित्सालय

सोनपुर मेला पशुओं की खरीद-बिक्री और प्रदर्शन के लिए देशभर में चर्चित है। ऐसे में मेले के दौरान पशुओं के उपचार और त्वरित चिकित्सा सेवा के लिए अस्थायी पशु चिकित्सालय महत्वपूर्ण होगा। विभाग की ओर से शिविर के साथ पदाधिकारियों और कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके लिए सामानों की आपूर्ति और किराये की दरों के साथ निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 22 नवंबर से शुरू होगा विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला, स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था के लिए टेंडर जारी