विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में चवर से अज्ञात युवक का शव बरामद, पास में मिला कटा बिजली का तार और कैंची

Published: Wed, 05 Aug 2026 10:32 AM (IST)

सारण के डेरनी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला है, जिसके पास कटा बिजली का तार और ...और पढ़ें

सारण के चंवर में मिला युवक का शव। सांकेतिक तस्वीर

सारण के चंवर में मिला युवक का शव। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. अज्ञात युवक का शव रामजीतपुर चवर में मिला।

  2. कटा बिजली का तार और कैंची शव के पास मिली।

  3. करंट लगने से मौत की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सूत्र, दरियापुर (सारण)। सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के रामजीतपुर चवर से पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है। शव के पास कटा हुआ बिजली का तार और एक कैंची मिलने से कई तरह की चर्चा चल रही है।

स्थानीय लोगों का अनुमान है कि युवक बिजली के तार काटने वाले गिरोह का सदस्य हो सकता है और तार काटने के दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को ग्रामीणों ने चवर में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना डेरनी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 

दो-तीन दिन पूर्व मौत की आशंका 

जांच-पड़ताल के दौरान घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान शव के निकट कटा हुआ बिजली का तार तथा एक कैंची बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। 

शव काफी पुराना होने के कारण उसमें दुर्गंध आने लगी थी। बदबू के कारण मौके पर पहुंचे लोग नाक और मुंह ढंककर शव को देख रहे थे। काफी प्रयास के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी।

मृतक की पहचान का प्रयास कर रही पुलिस

डेरनी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। साथ ही घटनास्थल से मिले तार और कैंची को जांच के दायरे में लेकर मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।