विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में गई तीन लोगों की जान; हिरासत में लिए गए दो लोग

Published: Sat, 03 Oct 2026 10:21 PM (IST)

सारण के एकमा प्रखंड स्थित परसागढ़ बाजार में चाकूबाजी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

HighLights

  1. परसागढ़ बाजार में चाकूबाजी से एक युवक की मौत हुई।

  2. घटना में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

  3. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, एकमा (सारण)। सारण के एकमा के परसागढ़ बाजार में शनिवार की रात हुई चाकूबाजी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पहले अंगुर पटेल की मौके पर मौत हुई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों ने देर रात छपरा सदर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परसागढ़ बाजार और आसपास के गांवों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इलाज के दौरान दो युवकों की मौत

चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल एकमा थाना क्षेत्र के जीराटपुर निवासी ध्रुव यादव के 25 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार यादव और पचोर गांव निवासी विजय यादव के 35 वर्षीय पुत्र रमेश यादव की मौत छपरा सदर अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई। इससे पहले छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के रतनपुरा निवासी बाला जी पटेल के 18 वर्षीय पुत्र अंगुर पटेल उर्फ धोनी की मौत हो चुकी थी।

विवाद के बाद मची भगदड़

बताया जाता है कि अंगुर करीब 10 दिन पहले अपने नाना गौतम शाही के घर आया था। शनिवार की रात वह परसागढ़ बाजार में था। इसी दौरान किसी विवाद को लेकर चाकूबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

कारण तलाश रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चाकूबाजी के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। किस विवाद को लेकर घटना हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- वैशाली में पानी में थूकने के मामूली विवाद में बवाल, हाजीपुर-महनार NH-122B पर जमकर पथराव; 13 लोग घायल