Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और 2800 करोड़ की सिंचाई योजना; BJP सांसद रूडी बोले-यह बजट बदलेगा बिहार

    Updated: Sat, 07 Feb 2026 05:53 PM (IST)

    Bihar News: सांसद राजीव प्रताप रूडी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत का सशक्त आधार बताया। अमनौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह बजट ...और पढ़ें

    प्रेस वार्ता करते सांसद राजीव प्रताप रूडी। जागरण

    प्रेस वार्ता करते सांसद राजीव प्रताप रूडी। जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, अमनौर (सारण)। सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने केंद्रीय बजट 2026–27 को विकसित भारत के संकल्प का सशक्त आधार बताया है।

    शनिवार को अमनौर स्थित अपने आवासीय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का ठोस रोडमैप है।

    उन्होंने कहा कि बजट आत्मनिर्भरता, संरचनात्मक सुधार, राजकोषीय अनुशासन और सतत सार्वजनिक निवेश पर आधारित है।

    यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतिबिंब है, जो देश को विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाने वाला साबित होगा।

    बिहार और सारण को मिला अपेक्षित स्थान

    राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बजट में बिहार और खासकर सारण जिले को अपेक्षित महत्व दिया गया है। उन्होंने बताया कि करीब 2800 करोड़ रुपये की सिंचाई योजनाएं, 1600 करोड़ रुपये की कृषि योजनाएं और बिहार की सभी नदियों को जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना राज्य के विकास को नई गति देगी।

    उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग को कर अनुपालन में राहत, सरल आयकर रिटर्न (ITR) और कर विवादों में कमी से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

    वहीं पटना शिप रिपेयर इकोसिस्टम से बिहार में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य इस क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

    MSME, युवा और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस


    सांसद ने बताया कि केंद्रीय बजट में एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड और स्वावलंबी भारत फंड में अतिरिक्त पूंजी का प्रावधान किया गया है।

    युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार, स्किलिंग, यूनिवर्सिटी टाउनशिप और स्वास्थ्य पेशेवरों के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।

    उन्होंने कहा कि बजट में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, राष्ट्रीय जलमार्ग और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को प्राथमिकता दी गई है।

    साथ ही मिशन पूर्वोदय के तहत बिहार सहित पूर्वी भारत को देश के विकास का नया इंजन बनाने पर बल दिया गया है।

    महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा

    राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल, महिला नेतृत्व, लखपति दीदी योजना और छात्रावास निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है।

    इसके अलावा सेमीकंडक्टर, बायोफार्मा, टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को रणनीतिक बढ़त देने की योजना है। पर्यटन, विरासत स्थलों, इको-टूरिज्म और सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था के विस्तार को भी बजट में महत्वपूर्ण स्थान मिला है।

    उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह बजट निर्णय-प्रधान, सुधारोन्मुख और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाला है।

    इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश सिंह, भाजपा नेता मनोज सिंह, अमनौर मंडल भाजपा अध्यक्ष अभिषेक कुमार कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।