सारण में निजी नर्सिंग होम में लापरवाही से युवक की मौत का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा; अस्पताल सील करने की मांग
सारण के तरैया में एक निजी नर्सिंग होम में कथित चिकित्सीय लापरवाही से 32 वर्षीय युवक चंद्रशेखर कुमार यादव की मौत हो गई। ...और पढ़ें

ग्रामीणों का हंगामा
HighLights
तरैया में निजी नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप।
इलाज के दौरान 32 वर्षीय युवक चंद्रशेखर की मौत।
ग्रामीणों ने अस्पताल सील करने, डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग की।
जागरण संवाददाता, तरैया (सारण)। सारण के तरैया थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में कथित चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है। फेनहारा गांव निवासी 32 वर्षीय चंद्रशेखर कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत के बाद स्वजनों ने अस्पताल और चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया तथा संबंधित नर्सिंग होम के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
तीन दिन तक चला इलाज, फिर किया रेफर
मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र यादव और शैलेंद्र यादव ने बताया कि 28 जून की शाम चंद्रशेखर को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने पर तरैया थाना क्षेत्र के खराटी मथुरा चौक स्थित मां इमरजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

उनका आरोप है कि अस्पताल में लगातार तीन दिनों तक इलाज किया गया, लेकिन मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके विपरीत उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे पटना रेफर कर दिया।
खबरें और भी
पटना में उपचार के दौरान हुई मौत
स्वजन के अनुसार रेफर किए जाने के बाद चंद्रशेखर को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वजनों का आरोप है कि वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार में गंभीर त्रुटि होने की बात कही, जिससे मरीज की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
फर्जी नर्सिंग होम सील करने की मांग
मौत से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने संबंधित नर्सिंग होम को कथित रूप से फर्जी बताते हुए उसे सील करने की मांग की है। साथ ही इलाज करने वाले चिकित्सक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर गिरफ्तारी की भी मांग उठाई है।

लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसी घटना न हो।
पुलिस ने शुरू की जांच, कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना पर मशरक इंस्पेक्टर इन्द्रदेव महतो एवं अपर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उधर, मृतक की पत्नी पुतुल देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद फेनहारा गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।