Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भोजपुरी संविधान की 8वीं अनुसूची में होगी शामिल! सम्राट चौधरी ने कहा- सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध

    Updated: Sat, 29 Nov 2025 07:22 PM (IST)

    डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार भोजपुरी को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि सरकार इस दिशा में गंभ ...और पढ़ें

    अमनौर में 28वें अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन का भव्य आगाज

    अमनौर में 28वें अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन का भव्य आगाज

    HighLights

    1. भोजपुरी 8वीं अनुसूची में शामिल होगी

    2. सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध: चौधरी

    3. भाषा और संस्कृति का विकास होगा

    संवाद सहयोगी, अमनौर (सारण)। बहुरिया रामस्वरूपा देवी नगर (पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय, अमनौर) के परिसर में आयोजित 28वें अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन शनिवार को सूबे के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने किया।

    तीन दिवसीय इस अधिवेशन की शुरुआत में ही उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भोजपुरी भारत की समृद्ध और सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है तथा इसे संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश–विदेश में फैले भोजपुरी समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार भाषा के उत्थान के लिए ठोस पहल कर रही है।

    डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार जनता के विश्वास के अनुरूप तेजी से काम कर रही है। बिहार के युवाओं को 2030 से पहले राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़े स्तर पर योजनाएं लागू की जा रही हैं।

    कानून-व्यवस्था पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा- बिहार में माफिया के लिए अब सिर्फ जेल ही जगह है, साथ ही स्कूल-कालेज परिसर और आसपास महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ किए जाने का आश्वासन दिया।

    अमनौर को अनुमंडल बनाने की उम्मीद मजबूत

    अमनौर को अनुमंडल बनाने के प्रस्ताव पर स्थानीय विधायक कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह के आग्रह का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस मांग को वे गंभीरता से याद रखेंगे। जब नए अनुमंडल गठन की प्रक्रिया शुरू होगी, अमनौर का नाम भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। 

    एक साल में शुरू होगी मढ़ौरा चीनी मिल

    उद्घाटन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बंद चीनी मिलों को पुनः चालू कराना सरकार की प्राथमिकता है। मढ़ौरा की बंद पड़ी चीनी मिल को लेकर उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए इसे अगले एक वर्ष के भीतर चालू कर दिया जाएगा।

    खबरें और भी

    भोजपुरी भाषा वैश्विक पहचान बना चुकी: दिलीप जयसवाल

    कार्यक्रम में उद्योग मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने कहा कि भोजपुरी भाषा और इसका समाज अब विश्वभर में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास की रफ्तार बढ़ी है और भोजपुरी भाषा को भी नया सम्मान मिल रहा है।

    भाषा उत्थान के लिए ठोस प्रयास की आवश्यकता: नितिन नवीन

    मंत्री नितिन नवीन ने भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की दिशा में सरकार की गंभीरता दोहराई। उन्होंने कहा कि भोजपुरी की लोकप्रियता देशभर में बढ़ी है और इसे आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

    महामाया प्रसाद विनोद बने सम्मेलन के नए अध्यक्ष

    उद्घाटन सत्र में प्रमुख शिक्षाविद् महामाया प्रसाद विनोद को सम्मेलन का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उन्होंने कहा कि भोजपुरी भाषा को संवैधानिक सम्मान दिलाना उनका संकल्प है और वे संगठन को मजबूत कर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।

    गणमान्य अतिथियों ने रखा अपना मत

    मंच से सांसद और भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी, तरैया विधायक जनक सिंह, बनियापुर विधायक केदार सिंह, अमनौर विधायक कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, एमएलसी विरेंद्र नारायण यादव, गायिका अक्षरा सिंह व कल्पना पटवारी सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।

    इससे पहले सम्मेलन के अध्यक्ष एमएलसी संजय मयूख, डॉ. ब्रह्म भूषण मिश्र, महामंत्री जयकांत सिंह जय, स्वागत सचिव मनोज सिंह और आयोजन सचिव शिवानुग्रह नारायण सिंह ने उपमुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जयकांत सिंह जय और विधान परिषद सदस्य संजय मयूख ने संयुक्त रूप से किया।