Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शादी के वादे पर टूटा भरोसा, समस्तीपुर में फंदे से लटकी मिली काजल उर्फ छाया, सुसाइड नोट में गंभीर आरोप

    Updated: Sun, 31 May 2026 08:12 PM (IST)

    समस्तीपुर के दलसिंहसराय में एक युवती का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवती ने अपने प्रेमी प ...और पढ़ें

    मृतका काजल कुमारी उर्फ छाया की फाइल फोटो व घटना स्थल पर जुटी भीड़।

    मृतका काजल कुमारी उर्फ छाया की फाइल फोटो व घटना स्थल पर जुटी भीड़।

    संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय (समस्तीपुर)। शादी के सपनों के साथ बुने गए भरोसे का धागा जब टूटा, तो काजल उर्फ छाया की जिंदगी भी थम गई। समस्तीपुर में किराये के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला।

    मौके से बरामद सुसाइड नोट में युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर धोखा देने और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है।

    बता दें कि थाना क्षेत्र के सरदारगंज मोहल्ले में रविवार को एक युवती का शव किराये के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान ओडिशा के मयूरभंज निवासी सुरेश प्रसाद की पुत्री काजल कुमारी उर्फ छाया के रूप में हुई है।

    वह पिछले करीब एक वर्ष से सरदारगंज स्थित एक किराये के मकान में रह रही थी और आर्केस्ट्रा में नृत्यांगना के रूप में कार्य करती थी।

    मकान मालकिन वीणा देवी ने बताया कि जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें संदेह हुआ। खिड़की से देखने पर युवती का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

    सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बाद में एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर नमूने एकत्र किए।

    प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

    नोट में मृतका ने अपने प्रेमी पर शादी का वादा कर लगातार टालने का आरोप लगाया है। पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

    उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस के अनुसार कमरे से कुछ अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। घटना के बाद मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस मामले की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।

    खबरें और भी