समस्तीपुर: महिला कॉलेज में समर्थ पोर्टल का लीव मॉड्यूल लागू, छुट्टी के लिए ऑनलाइन होंगे आवेदन
समस्तीपुर के महिला महाविद्यालय में समर्थ पोर्टल का लीव मॉड्यूल लागू हो गया है। अब सभी शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे। ...और पढ़ें
-1782909334722_m.webp)
AI Generated Image
HighLights
महिला महाविद्यालय में समर्थ पोर्टल का लीव मॉड्यूल लागू।
सभी शिक्षक-कर्मियों के अवकाश आवेदन अब ऑनलाइन होंगे।
नई व्यवस्था से अवकाश प्रबंधन अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। महिला महाविद्यालय में प्रशासनिक कार्यों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक और कदम उठाते हुए बुधवार से समर्थ पोर्टल का लीव मॉड्यूल लागू कर दिया गया।
इसके बाद महाविद्यालय के सभी नियमित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी अब अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे। आवेदन, अनुशंसा और स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से संपन्न होगी। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार नई व्यवस्था से अवकाश प्रबंधन अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध होगा।
कर्मियों को अवकाश आवेदन की स्थिति और उससे संबंधित सभी सूचनाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिससे कागजी प्रक्रिया पर निर्भरता कम होगी। प्रभारी प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार रंजन ने इस पहल के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में प्रशासनिक सुधार और डिजिटल व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उच्च शिक्षा में डिजिटल प्रशासन समय की आवश्यकता है। समर्थ पोर्टल के माध्यम से कार्य संस्कृति में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ेगी तथा महाविद्यालय के प्रशासनिक आधुनिकीकरण को नई गति मिलेगी।
समर्थ नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने मॉड्यूल के सफल क्रियान्वयन के लिए विश्वविद्यालय के समर्थ नोडल पदाधिकारी डॉ. ज्यां हैदर, सहायक नोडल पदाधिकारी डॉ. प्रतांत्री भंजन एवं डॉ. मसरूर आलम के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि उनके तकनीकी सहयोग और सतत मार्गदर्शन से लीव मॉड्यूल समयबद्ध तरीके से लागू हो सका। नई व्यवस्था से अवकाश प्रबंधन सरल और पारदर्शी होने के साथ अभिलेखों का संधारण तथा कार्यों की निगरानी भी अधिक प्रभावी होगी।