विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : जयनगर से पटना तक नमो भारत के 10 ठहराव, जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी 18 स्टेशनों पर रुकेगी

Published: Tue, 25 Aug 2026 06:22 PM (IST)

समस्तीपुर रेल मंडल के लहेरियासराय स्टेशन पर अब जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड और जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में रुकेंगी। ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड और जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का अप और डाउन दोनों दिशाओं में ठहराव होगा।

रेलवे के इस निर्णय से दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पटना सहित अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। दोनों ट्रेनों के ठहराव को लहेरियासराय स्टेशन के महत्व में बढ़ोतरी के रूप में देखा जा रहा है।

नमो भारत का बना 10वां ठहराव

अब तक जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड के निर्धारित ठहराव वाले स्टेशन नौ थे। लहेरियासराय को शामिल किए जाने के बाद यह इसका 10वां ठहराव बन जाएगा।

पहले यह ट्रेन जयनगर से चलकर मधुबनी, सकरी जंक्शन, दरभंगा जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, बरौनी जंक्शन, मोकामा और बाढ़ सहित अन्य निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए पटना पहुंचती थी। अब लहेरियासराय के यात्रियों को भी सीधे इस ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी।

पटना जाने वालों को होगा लाभ

नमो भारत रैपिड की सबसे बड़ी विशेषता कम समय में यात्रा पूरी करना है। लहेरियासराय से पटना जाने वाले यात्रियों के लिए इस ट्रेन का किराया 210 रुपये निर्धारित है। तेज रफ्तार और आरामदायक सफर के कारण यह ट्रेन नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यवसायियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

इंटरसिटी एक्सप्रेस को भी मिला नया ठहराव

रेलवे ने जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का भी लहेरियासराय में ठहराव स्वीकृत किया है। अभी यह ट्रेन जोगबनी से चलकर फोर्बेसगंज, नरपतगंज, ललितग्राम, प्रतापगंज, राघोपुर, सरायगढ़, निर्मली, घोघरडीहा, झंझारपुर, सकरी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र होते हुए दानापुर पहुंचती है। लहेरियासराय को शामिल किए जाने के बाद इसका यह 18वां ठहराव होगा।

यात्रियों को मिलेगा नया विकल्प

इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव से लहेरियासराय और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने और उतरने का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। लहेरियासराय से दानापुर तक स्लीपर श्रेणी का किराया 165 रुपये और थर्ड एसी का किराया 535 रुपये रहेगा। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।

स्टेशन की बढ़ेगी उपयोगिता

रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोनों ट्रेनों के ठहराव से लहेरियासराय स्टेशन की उपयोगिता और यात्री सुविधाओं में वृद्धि होगी। खासकर पटना, दानापुर और उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यह निर्णय लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा करने वाला कदम है और इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

यह भी पढ़ें- दरभंगा से दिल्ली-अमृतसर जाने वालों के लिए जरूरी अपडेट, 13 ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी