बिहार के समस्तीपुर में जर्दा कारोबारी से दिनदहाड़े 4.20 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाश सीसीटीवी में कैद
Daylight Robbery Bihar: तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एजेंसी में घुसकर कर्मचारियों को धमकाया और नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो ...और पढ़ें

Bihar Crime News: सीसीटीवी फुटेज में घेरे में दिख रहा बदमाश। सौं. पुलिस विभाग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Robbery Case: नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में सोमवार को दिनदहाड़े जर्दा कारोबारी से 4.20 लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई है।
हथियारबंद तीन बदमाशों ने एजेंसी में घुसकर सभी को हथियार का भय दिखाते हुए वारदात को अंजाम दिया और नकदी लेकर फरार हो गए।
तीन की संख्या में थे बदमाश
पीड़ित कारोबारी राहुल गुप्ता अपने आवासीय परिसर में ही विभिन्न कंपनियों की जर्दा एजेंसी का संचालन करते हैं। बताया गया कि सोमवार दोपहर जब बाजार से उनका कलेक्शन ब्वॉय पैसे लेकर एजेंसी पर पहुंचा, उसी समय तीन नकाबपोश बदमाश भी अंदर घुस गए।
अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने हथियार निकालकर मौजूद लोगों को धमका दिया। इसके बाद उन्होंने गल्ले में रखी पूरी नकदी लूट ली। वारदात के दौरान दो बदमाश दुकान के अंदर रहे, जबकि एक बदमाश गेट पर पहरा देता रहा।
नगदी भरा बैग लेकर फरार
लूटपाट के बाद बदमाशों ने नगदी को एक बैग में भरा और हथियार दिखाते हुए मौके से फरार हो गए। बताया गया कि तीनों बदमाश एक ही बाइक से आए थे और उन्होंने बाइक गेट के बाहर ही खड़ी कर रखी थी।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना के थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। कारोबारी के अनुसार, बदमाश करीब 4.20 लाख रुपये लूटकर फरार हुए हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के संबंध में कारोबारी से आवेदन लिया जा रहा है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
कारोबारी के प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे में लूट की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बदमाशों के एजेंसी में प्रवेश करने, लूटपाट करने और वहां से निकलने तक की पूरी गतिविधि स्पष्ट दिखाई दे रही है। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई है।