बिहार में गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी, 18 महीने में दो बार फसल, बढ़ेगी आमदनी
बिहार के समस्तीपुर में अर्धसालिन गन्ने की खेती शुरू हुई है, जिससे किसान 18 महीने में दो बार फसल ले सकेंगे। यह नई तकनीक किसानों की आय दोगुनी कर उनकी आर ...और पढ़ें

ढरहा में अर्धसालिन गन्ना की रोपाई की शुरुआत करते अधिकारी। जागरण
HighLights
समस्तीपुर में अर्धसालिन गन्ने की खेती का शुभारंभ।
किसान 18 माह में एक ही खेत से दो फसल लेंगे।
यह नई तकनीक किसानों की आय और आर्थिक स्थिति सुधारेगी।
संवाद सहयोगी, रोसड़ा (समस्तीपुर)। गन्ने की खेती में अब किसानों की कमाई बढ़ाने वाली नई तकनीक दस्तक दे रही है। एक ही खेत में महज 18 महीने के भीतर दो बार गन्ने का उत्पादन कर किसान दोहरा लाभ ले सकेंगे।
इससे कम समय में उत्पादन बढ़ाने के साथ गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। रोसड़ा प्रखंड के ढरहा गांव में अर्धसालिन गन्ने की खेती की शुरुआत के साथ किसानों के लिए नई उम्मीद जगी है।
अर्धसालिन गन्ने की खेती शुरू
बिरला ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पंकज सिंह ने ढरहा गांव के खेत में अर्धसालिन गन्ने की खेती का विधिवत शुभारंभ किया। गन्ना कृषक गणेश प्रसाद राय एवं महेश प्रसाद राय के खेत में फीता काटकर सीओ 0238 प्रभेद गन्ने की रोपाई शुरू कराई गई। इस दौरान पंकज सिंह ने अधिक से अधिक किसानों को इस विधि से गन्ने की खेती करने की सलाह दी।
18 माह में दो बार उत्पादन
पंकज सिंह ने कहा कि अर्धसालिन गन्ने की खेती किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। महज 18 माह में एक ही खेत में दो बार गन्ने का उत्पादन कर किसान दोहरा लाभ ले सकेंगे। इससे गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
आधुनिक खेती अपनाने की सलाह
सीईओ ने किसानों से खुशहाली के लिए आधुनिक खेती अपनाने और वैज्ञानिक विधियों का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिरला ग्रुप की ओर से गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को बेहतर बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और समय-समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
खबरें और भी
बंद नलकूप जल्द होंगे चालू
पंकज सिंह ने बताया कि हसनपुर चीनी मिल अंतर्गत गन्ना उत्पादन क्षेत्र में बंद पड़े सभी नलकूपों को जल्द चालू किया जाएगा। सरकार के साथ साझा कार्यक्रम के तहत सिंचाई सुविधा बेहतर करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। नलकूपों के चालू होने से किसानों को सिंचाई में काफी सुविधा मिलेगी।
किसानों ने पहल का किया स्वागत
किसानों ने भी अर्धसालिन गन्ने की खेती और सिंचाई सुविधा को लेकर की जा रही पहल का स्वागत किया। किसानों ने कहा कि नई विधि से उत्पादन और आमदनी दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
मौके पर हसनपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक अशोक कुमार गुप्ता, केन एडवाइजर शंभू प्रसाद राय, उप महाप्रबंधक रामाशंकर प्रसाद, उप प्रबंधक (गन्ना) अतुल कुमार मिश्रा, ईख पदाधिकारी - रमण कुमार सिंह तथा गणेश प्रसाद राय एवं महेश प्रसाद राय सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।