विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में दुर्गा पूजा से छठ तक ट्रेन से सफर करने वालों के लिए जरूरी अपडेट, सतर्कता की सीटी बजाएंगी ट्रेनें

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:35 PM (IST)

समस्तीपुर मंडल में दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों पर रेल पटरी के किनारे स्थित पूजा स्थलों पर ट्रेनों ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

HighLights

  1. त्योहारों पर रेल पटरी किनारे धीमी चलेंगी ट्रेनें।

  2. यात्रियों-श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु सीटी बजाकर सतर्कता।

  3. आरपीएफ-जीआरपी की निगरानी में भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । दुर्गा पूजा, दिवाली और महापर्व छठ के अवसर पर रेल पटरी के किनारे वाले पूजा स्थलों के पास यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ट्रेनें धीमी गति से चलेंगी और सीटी बजाकर सतर्कता की सूचना देंगी। यह व्यवस्था भीड़-भाड़ और किसी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है।

आरपीएफ और जीआरपी की रहेगी निगरानी

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योतिप्रकाश मिश्रा के निर्देश पर आरपीएफ और जीआरपी की निगरानी सतत रहेगी। ड्यूटी में तैनात जवान पटरी के पास लोगों की आवाजाही को रोकेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि ट्रैक के किनारे सुरक्षा बनी रहे।

डीआरएम ने लोगों से अपील की है कि रेलवे पटरी और बंद फाटक को पार करने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से बचें और बच्चों पर विशेष ध्यान रखें।

समस्तीपुर मंडल में रेल पटरी के किनारे होने वाले दुर्गा पूजा, काली पूजा और छठ पूजा स्थलों की पहचान कर ली गई है। वहां सुरक्षा और चौकसी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।

एफओबी, प्लेटफार्म और टिकट काउंटरों पर भीड़ नियंत्रण

पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए एफओबी, प्लेटफार्म और टिकट काउंटरों पर विशेष व्यवस्था रहेगी। कर्मी भीड़ क्लियर करने का काम करेंगे ताकि भगदड़ जैसी स्थिति न बने।

जरूरत के अनुसार टिकट काउंटर खुले रहेंगे

डीआरएम ने कहा कि समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा सहित भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर जरूरत के अनुसार टिकट काउंटर खुलेंगे।

यात्रियों की सुविधा के लिए एटीवीएम, यूटीएस आन मोबाइल टिकटिंग, जेटीबीएस आदि की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। बेटिकट यात्रियों से परेशानी न हो, इसके लिए टिकट चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यालय से की जाएगी सुरक्षा व्यवस्था निगरानी

अधिक भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, मे आई हेल्प यू डेस्क, मेडिकल डेस्क सहित अन्य इंतजाम रहेंगे। मंडल मुख्यालय में वार रूम से पूरे स्टेशनों पर प्रबंध व्यवस्था की निगरानी की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रेल ट्रैक के किनारे पूजा होने वाले स्थलों पास सतर्कता की सीटी बजाते हुए धीमी गति में ट्रेन चलेगी। लोगों से भी अपील है कि अपने बहुमूल्य जीवन के लिए सतर्कता रखते हुए पटरी और बंद फाटक को आर पार कर आवाजाही नहीं करें। समपार फाटक खुला रहे तब ही उससे आवाजाही करें।
-आरके सिंह, पीआरओ, समस्तीपुर मंडल

यह भी पढ़ें- जानकी एक्सप्रेस में जुड़ा थर्ड एसी का अतिरिक्त कोच, मिथिलांचल और सीमांचल के यात्रियों को राहत