विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नीतीश ने कहा - हम जो भी करते हैं पूरी तैयारी के साथ करते हैं

By Kajal KumariEdited By:
Updated: Fri, 18 Nov 2016 10:40 PM (IST)

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि हम दूसरों की तरह बिना तैयारी के कुछ भी नहीं करते जो भी कहते हैं कर दिखाते हैं। हमने सात निश्चय किया और कर दिखाया।

नीतीश ने कहा - हम जो भी करते हैं पूरी तैयारी के साथ करते हैं
नीतीश ने कहा - हम जो भी करते हैं पूरी तैयारी के साथ करते हैं

समस्तीपुर [जेएनएन]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि हम बिना तैयारी कुछ नहीं करते। केंद्र सरकार के नोटबंदी पर कटाक्ष करते हुए नीतीश ने कहा कि हम दूसरों की तरह जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेते हैं और हम जो कह देते हैं कर दिखाते हैं।
नीतीश ने कहा कि हमने चुनाव में जो सात निश्चय आपके सामने किया था। उसमें से छह निश्चय पूरा कर चुका हूं। फरवरी माह तक मुफ्त वाई-फाई देने का निश्चय भी पूरा हो जाएगा। सीएम शुक्रवार को पटेल मैदान में चेतना सभा को संबोधित कर रहे थे।
अपने निश्चय यात्रा का उद्देश्य बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा पर निकलना इसलिए जरूरी हो गया था देखना था कि हमने जो निश्चय किया था वह धरातल पर कितना उतर पाया है। पता चला कि सात निश्चय सतरंगी विकास का रूप धारण कर चुका है।
महिला शिक्षा में गुणवत्ता सुधार हुआ है। गांव का वातावरण बदला है। समाज की सोच बदली है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के जरिए अब गरीब बच्चों को पढ़ाई में कोई दिक्कत नहीं होगी। युवा बढ़ेगा तो परिवार-समाज के साथ बिहार आगे बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे जितवारपुर स्थित जिला निबंधन सह परामर्श केन्द्र का जायजा लेने पहुंचे। सीएम ने केंद्र पर आवेदन पत्र जमा करने आये युवक-युवतियों से व्यवस्था का हाल जाना तथा स्वयं एक गार्जियन की भूमिका में नजर आए।
इसके बाद वारिसनगर प्रखंड के गोही गए। गोही में उन्होंने पंचायत सरकार भवन, कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया। इसके बाद नीतीश ने लोक सेवा अधिकार की समीक्षा की। यहां उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद किया।
जीविका दीदियों से संवाद के दौरान उनसे शराबबंदी के बाद की स्थिति की समीक्षा की। आरटीपीएस कार्यालय का निरीक्षण के दौरान भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र को ऑनलाइन करने की सलाह पदाधिकारियों को दी । मौके पर विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी तथा स्थानीय विधायक अशोक कुमार मुन्ना भी मौजूद रहे ।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूसा प्रखंड के महमदपुर क्वारी जाकर वार्ड छह में हर घर नल का जल, शौचालय आदि का निरीक्षण किया। फिर, समस्तीपुर प्रखंड की सिंघिया खुर्द पंचायत के ताजपुर रतनपुर गांव सड़क मार्ग से पहुंचे, जहां हर घर बिजली का जायजा लिया।