रोहतास में शौचालय की टंकी में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम
रोहतास के तेंदुनी गांव में एक दर्दनाक हादसे में पांच और छह साल के दो मासूम भाई-बहन की अधूरी शौचालय की टंकी में डूबने से मौत हो गई। खेलते समय पानी से भरी टंकी में गिरने से हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
HighLights
रोहतास में दो मासूम भाई-बहन की डूबकर मौत।
अधूरी शौचालय की पानी से भरी टंकी में गिरे।
हादसे के बाद तेंदुनी गांव में गहरा मातम पसरा।
जागरण संवाददाता, रोहतास। रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे घर के समीप स्थित पानी से भरी अर्धनिर्मित शौचालय की टंकी में गिर गए। बच्चों की उम्र करीब पांच और छह वर्ष बताई जा रही है।
नमाज से लौटे परिजनों को मिली हादसे की जानकारी
जानकारी के अनुसार तेंदुनी निवासी अफजल हक के दोनों बच्चे खेलते-खेलते घर के पास स्थित अर्धनिर्मित शौचालय की टंकी के पास पहुंच गए।
इसी दौरान दोनों उसमें गिर गए। परिजनों को घटना की जानकारी उस समय हुई, जब वे नमाज पढ़कर घर लौटे।
परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे
बच्चों के दादा शमशुल हक ने बताया कि जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
दोनों बच्चों को टंकी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पांच साल से अधूरी पड़ी है शौचालय की टंकी
ग्रामीणों के अनुसार जिस टंकी में हादसा हुआ, वह करीब पांच वर्षों से अर्धनिर्मित अवस्था में पड़ी है। टंकी में बारिश का पानी जमा था और उसके खुले रहने से हादसे की आशंका बनी हुई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी एक बच्चा इसमें गिर चुका था, जिसे उस समय सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
दो मासूमों की मौत की खबर फैलते ही तेंदुनी गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी गम और चिंता का माहौल है।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने से किया इनकार
बिक्रमगंज थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। हादसे को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

