पूर्णिया के लालगंज गांव में लगी भीषण आग, 10 घर जलकर हुए खाक, लाखों का नुकसान
Purnea Fire News: पूर्णिया के मोहनपुर थाना क्षेत्र के विजय लालगंज पंचायत में भीषण आग लगने से 10 परिवारों के घर जलकर खाक हो गए। शॉर्ट-सर्किट से लगी इस ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पहुंचे लोग। (जागरण)
HighLights
विजय लालगंज पंचायत में 10 घर जलकर खाक।
शॉर्ट-सर्किट से लगी आग में 35 लाख का नुकसान।
पीड़ितों ने मुआवजे और आवास योजना की मांग की।
संवाद सूत्र, (रूपौली) पूर्णिया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के विजय लालगंज पंचायत के वार्ड नंबर तीन में गुरूवार को आग लगने से 10 परिवारों के घर जलकर खाक हो गए। इससे लगभग 35 लाख रुपये आग की भेंट चढ़ने का अनुमान है।
मौके पर खबर पाकर धमदाहा से दो दमकल की टीमें पहुंचकर, किसी प्रकार आग पर काबू पाया। आग बिजली की शॉर्ट-सर्किट से लगने की बात बतायी जा रही है।
दमकल की टीम अगर नहीं पहुंचती, पूरा गांव जलकर खाक हो जाता। इस संबंध में पीडित परिवारों ने अधिकारी को मुआवजा को लेकर आवेदन सौंपा है।
घटना की खबर पाकर प्रमुख प्रतिमा देवी, बीडीओ सह सीओ अरविंद कुमार सहित अन्य सरकारी कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तथा पीड़ितों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। घटना के बारे में प्रमुख प्रतिमा कुमारी, गोपाल मंडल, भाकपा के वरिष्ठ नेता विकासचंद्र मंडल आदि ने बताया कि पंचायत के वार्ड नंबर तीन स्थित साह टोला में अचानक आग की लपटें उठने लगीं।
इसी बीच गैस सिलेंडर भी फटने लगे, जिससे कोई भी ग्रामीण आग बुझाने की हिम्मत सही रूप से नहीं कर रहे थे। लोगों ने तत्काल रूपौली एवं धमदाहा स्थित दमकल दस्ता को खबर की। तत्काल दो दमकल गाड़ियां आग बुझाने पहुंच गयीं तथा किसी प्रकार ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
इसबीच टोला के चंद्रदेव साह, राजकुमार साह, प्रभात कुमार, भारत साह, विशुनदेव साह, मंटू साह, पिंटू साह, धूरा देवी, विमला देवी, विजय साह आदि के घर जलकर खाक हो गए।
चूंकि सिलेंडर ब्लास्ट हो रहे थे, इसलिए कोई भी पीड़ित अपने घर के भीतर सामान निकालने नहीं घुस पाए। आंखों के सामने उनके घर सहित सारी संपत्ति स्वाहा हो गई। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास एवं मुआवजा देने की मांग की है। इसके अलावा तत्काल राहत के रूप में कंबल, प्लास्टिक, कपड़ा आदि देने की मांग की है ।