यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शरद व मांझी को लालू ने खुद परोसा दही
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने बुधवार को अपने आवास पर मकर संक्रांति पर आयोजित भोज में जदयू अध्यक्ष शरद यादव व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को अपने हाथों से दही परोसा।

पटना : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने बुधवार को अपने आवास पर मकर संक्रांति पर आयोजित भोज में जदयू अध्यक्ष शरद यादव व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को अपने हाथों से दही परोसा। शरद यादव को जबरन दही उड़ेलते हुए लालू ने कहा कि यादव के घर दही नहीं खाएंगे तो आखिर क्या खाइएगा! लालू ने पहुंचने वाले सभी व्यक्तियों के भोजन का खुद ख्याल रखा।
लालू के समीप बैठे सांसद प्रेम गुप्ता कह रहे थे कि आपको जोर से नहीं बोलना है। लालू को बर्दाश्त नहीं हो रहा था। पहुंचने वालों को कह रहे थे कि सबसे पहले भोजन कीजिए। सांसद जयप्रकाश नारायण उनका हाथ बंटा रहे थे। सबसे पहले विधान सभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी पहुंचे। इनको लालू ने भोजन के लिए बैठाया। मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी 11:30 बजे पहुंचे। लालू ने उनको दही पर छाली की जमी मोटी परत परोसी। इनके अगल-बगल में मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह व विधान परिषद के उप सभापति सलीम परवेज बैठे थे। लालू ने सबों को खूब दही खिलाया। लालू की अनुपस्थिति में ही शरद यादव, केसी त्यागी, मंत्री अवधेश कुशवाहा व सांसद आरसीपी सिंह पहुंचे। वे करीब आधा घंटा तक वहां बैठे रहे। इसके बाद लालू पहुंचे तो भोजन के लिए ले गए। इससे थोड़ी देर पहले मंत्री ललन सिंह व पीके शाही पहुंचे। लालू के आप्त सचिव विधान पार्षद भोला यादव ने दोनों मंत्रियों का आवभगत किया। उनको भोजन कराया। इस दौरान लालू जदयू के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा आयोजित भोज में भाग लेने के लिए गए थे। वहां से लालू करीब 12:30 बजे अपने आवास पर लौटे। भोज में मंत्री रमई राम, श्रवण कुमार, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, प्रवक्ता विधान पार्षद संजय सिंह, गुलाम गौस, निहोरा प्रसाद यादव, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, हरखू झा, दिलीप चौधरी, राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह, कांति सिंह, विधायक दल के नेता अब्दुलबारी सिद्दीकी, अब्दुल गफूर, आलोक मेहता, सतीश पासवान आदि ने भाग लिया। परोसने व आवभगत में रामचंद्र पूर्वे, मुंद्रिका सिंह यादव, शिवचंद्र राम, भोला यादव, शक्ति यादव, निराला यादव, रणविजय साहु, चितरंजन गगन, एजाज अहमद, बल्ली यादव, सनोज यादव, मनोज सिंह आदि शामिल थे।
