विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टीम इंडिया में वापसी का यूपी के रिंकू सिंह ने ठोका दावा, बिहार के खिलाफ रणजी मुकाबले में खूब गरजा बल्‍ला

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:26 PM (IST)

भारतीय टीम से बाहर चल रहे रिंकू सिंह ने रणजी ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ नाबाद शतक जड़कर वापसी का ...और पढ़ें

बिहार-यूपी रणजी मुकाबले का दृश्‍य।

बिहार-यूपी रणजी मुकाबले का दृश्‍य।

HighLights

  1. रिंकू सिंह ने रणजी ट्रॉफी में जड़ा नाबाद शतक।

  2. माधव कौशिक ने भी खेली 124 रनों की शतकीय पारी।

  3. उत्तर प्रदेश ने पहले दिन बनाए 287 रन।

जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय टीम से बाहर चल रहे उत्तर प्रदेश के 28 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने रविवार को रणजी ट्राॅफी के पहले मैच में नाबाद शतक लगाकर वापसी का दावा ठोक दिया।

राजगीर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे एलीट ग्रुप मुकाबले में बिहार के खिलाफ उप्र के सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक ने भी अविजित सैकड़ा जड़ टीम को पहले दिन 84 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 287 तक पहुंचा दिया।

तीन बल्लेबाज 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बिहार की तरफ से सूरज कश्यप को दो और अमोद यादव को एक विकेट मिला।

रणजी ट्राॅफी एलीट ग्रुप मुकाबले में माधव कौशिक ने भी लगाया शतक

नवनिर्मित राजगीर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रविवार को पहला मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के लिए अनजान पिच पर मेजबानों ने टास जीतकर उत्तर प्रदेश को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

उप्र की ओर से अभिषेक गोस्वामी और माधव कौशिक सलामी जोड़ी के रूप में उतरे। अभी स्कोर 26 रन पर ही पहुंचा था कि तेज गेंदबाज अमोद यादव की गेंद पर बिहार के कप्तान शकीबुल गनी को कैच थमा अभिषेक 13 रन पर पवेलियन लौट गए।

कप्तान आर्यन जुआल 40 गेंद तक ही पिच पर टिक सके। आफ ब्रेक गेंदबाज सूरज कश्यप की घूमती गेंद पर पीयूष को कैच थमा 13 रन पर आउट हो गए।

दूसरे नंबर पर आए करन शर्मा भी क्रीज पर ज्यादा देर टिक नहीं सके और सूरज कश्यप की गेंद पर पगबाधा होकर 13 रन पर चलते बने।

दर्शकों की गैरमौजूदगी में खूब पड़े चौके-छक्के

दीर्घा के निर्माण के कारण दर्शकों की गैरमौजूदगी में माधव कौशिक और रिंकू सिंह ने कई गेंदों बाउंड्री के बाहर भेजीं। तीसरे नंबर पर आए रिंकू ने 164 गेंदों पर नाबाद 109 रनों की पारी में आठ चौके जड़े।

तीन गेंदों को पिच से सीधे बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया। बिहार ने छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, मगर सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक को कोई आउट नहीं कर सका। माधव ने 252 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 124 रनों की नाबाद पारी खेली।