यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आरा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं पावर स्टार पवन सिंह! तावड़े के सामने कुशवाहा से मुलाकात ने बढ़ाई हलचल
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की बीजेपी में वापसी तय है। बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने स्पष्ट किया है कि पवन ...और पढ़ें

उपेंद्र मिश्र, डेहरी आन सोन (रोहतास)। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की BJP में वापसी लगभग तय हो चुकी है। बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा है कि पवन सिंह BJP में थे और रहेंगे। दिल्ली में विनोद तावड़े और ऋतुराज सिन्हा ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मिलवाया, चर्चा है यह मुलाकात सुलह के प्रयास के तहत हुई।
रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मंगलवार को दिल्ली में भोजपुरी स्टार पवन सिंह की मुलाक़ात से लोकसभा चुनाव का खटास मिटाने का प्रयास देखा जा रहा है l मुलाक़ात के दौरान पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा का पैर छूकर आशीर्वाद मांगा l
भाजपा में वापसी के सियासी मायने
पवन सिंह की BJP में वापसी के कई राजनीतिक मायने हैं। कहा जा रहा है कि वे आरा विधानसभा सीट से NDA उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ सकते हैं।
अगर ऐसा होता है तो शाहाबाद क्षेत्र (भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर) की 22 विधानसभा सीटों पर BJP को फायदा हो सकता है।
2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, जिसमें उपेंद्र कुशवाहा (NDA उम्मीदवार) तीसरे स्थान पर रहे थे और राजाराम सिंह (महागठबंधन) ने जीत दर्ज की थी।
पवन सिंह के निर्दलीय चुनाव लड़ने का असर सिर्फ काराकाट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बक्सर और सासाराम जैसी सीटों पर भी BJP उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा था।
आरके सिंह से भी मिले थे पवन
हाल ही में पवन सिंह ने आरा में पूर्व केंद्रीय मंत्री और BJP नेता आरके सिंह से मुलाकात की थी, जिसमें आरके सिंह ने कहा था कि पवन सिंह को BJP में आना चाहिए।
पवन सिंह ने एक इंटरव्यू में तेजस्वी यादव की जमकर तारीफ भी की थी, कहा था- ‘तेजस्वी जमीनी नेता हैं, दिल छू जाते हैं’।
पवन की पत्नी भी राजनीति में सक्रिय
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी राजनीति में सक्रिय हैं। वे मुकेश सहनी से मिल चुकी हैं और खुद कई बार ऐलान कर चुकी हैं कि वे 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।
हाल ही में पवन सिंह ने उद्यमी अशनीर ग्रोवर के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को छोड़ दिया था। शो से बाहर आने के दौरान उन्होंने कहा था- ‘मेरी जनता ही मेरा भगवान है और चुनाव के समय मेरा फर्ज है कि मैं उनके बीच रहूं’। इस बयान के बाद साफ हो गया था कि पवन सिंह अब पूरी तरह से राजनीति में एक्टिव होने जा रहे हैं।
