Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस ने पटना में ज्वेलरी दुकान में डकैती डालने वाले आरोपित के पैर में मारी गोली, 5 गिरफ्तार

    Updated: Thu, 23 Apr 2026 11:08 AM (IST)

    पटना में ज्वेलरी दुकान डकैती के मुख्य आरोपी दिलीप कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। ...और पढ़ें

    पटना में बेऊर इलाके के कृषि फर्म के पीछे अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी।( सौ : पुलिस)

    पटना में बेऊर इलाके के कृषि फर्म के पीछे अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी।( सौ : पुलिस)

    HighLights

    1. मुख्य आरोपी दिलीप कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मारी।

    2. रामकृष्णा नगर ज्वेलरी डकैती में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार।

    3. लूटे गए आभूषण, हथियार और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद।

    फुलवारीशरीफ, पटना। रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स दुकान में हुई डकैती कांड के मुख्य आरोपित दिलीप कुमार और पटना पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई।

    बुधवार की सुबह पुलिस उसकी निशानदेही पर उसे साथ लेकर सिपारा से सटे कृषि फार्म के पास से हथियार बरामद करने गई थी। तभी आरोपित ने छिपाए गए लोडेड हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दिया।

    जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे दौड़ाकर पैर में गोली मार दी। इससे वह वहीं जमीन पर गिर गया। उसे उपचार के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। दिलीप बेउर का रहने वाला है।

    इसी ने डकैती के दौरान दुकानदार के सिर पर पिस्टल से हमला कर जख्मी कर दिया था। डकैती कांड में शामिल तीन अन्य आरोपित और लूट की ज्वेलरी खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

    इनकी पहचान गर्दनीबाग निवासी उदित कुमार, दीघा के रोहन कुमार, मालसलामी के सुनील कुमार और संतोष कुमार के रूप में हुई है।

    इनके पास से 1.700 किलोग्राम चांदी, घटना में इस्तेमाल एक पिस्टल, एक कट्टा, तीन गोली, एक खोखा, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और दो मोबाइल को बरामद किया गया है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि लाइनर सहित तीन अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।

    patna crime news (33)

    घटनास्थल पर जांच करते एसएसपी।

    19 अप्रैल को रामकृष्णा नगर के घाना कालोनी स्थित ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े दो बाइक सवार पांच अपराधियों ने दुकानदार के सिर पर पिस्टल की बट से वार कर सोना और चांदी के आभूषण लूट लिया।

    एसएसपी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर एसपी पूर्व के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच कर पुलिस उस ठिकाने तक पहुंच गई, जहां अपराधियों ने घटना के बाद ज्वेलरी का बंटवारा किया था।

    छानबीन में एक आरोपित उदित कुमार का नाम उजागर हुआ। उदित को गिरफ्तार किया गया। उसने अपनी बाइक से आरोपित के भागाने में मदद की थी। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपित दिलीप कुमार और उसके सहयोगी रोहन को गिरफ्तार किया।

    पूछताछ में लूट की ज्वेलरी के रिसिवर सुनील कुमार और आभूषण खरीदने वाले संतोष कुमार की पहचान हुई। पुलिस ने सुनील और संतोष को भी गिरफ्तार कर लूट की ज्वेलरी, गोली, दोनों बाइक, दो मोबाइल को बरामद किया गया। पूछताछ में दिलीप ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार सिपारा से सटे कृषि फार्म के पास छिपा दिया है।

    खबरें और भी

    पुलिस को धक्का देकर की फायरिंग, बरामद हुआ पिस्टल व कट्टा

    दिलीप की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए पुलिस उसे साथ लेकर मीठापुर सिपारा स्थित कृषि फार्म के पास बगीचे तक ले गई।

    patna crime news (33)

    अक्षय तृतीया पर लूटकांड के बाद अपराधियों से बरामद गहना। (सौ: पुलिस)

    तभी उसने पुलिस पदाधिकारी को धक्का देकर छिपाए गए लोडेड हथियार से फायरिंग करते हुए भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। इस दौरान गिरने से एक पुलिस पदाधिकारी भी घायल हो गए।

    घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने वहां से एक पिस्टल, एक कट्टा, तीन गोली और एक खोखा जब्त किया। इस मामले में बेउर थाने में पुलिस पदाधिकारी पर फायरिंग के संबंध में केस किया गया है।

    कृषि फार्म के पास लूट के आभूषण का बंटवारा

    ज्वेलरी दुकान में डकैती के आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस को दूसरे दिन अहम सुराग मिल चुका था। पुलिस उस कृषि फार्म के पास बगीचे तक पहुंच गई थी, जहां अपराधियों ने लूट की ज्वेलरी का बंटवारा किया था। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस गर्दनीबाग, दीघा और मालसलामी इलाके में लगातार दबिश दे रही थी।

    एक सप्ताह से रेकी, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

    पुलिस की मानें ज्वेलरी दुकान में डकैती की योजना एक सप्ताह पहले बनाई गई थी। पुलिस ने उस लाइनर की भी पहचान कर ली है। लाइनर ने तीनों पहर रेकी की थी। पुलिस यह पता कर रही है कि आरोपितों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास है या नहीं।

    पुलिस की अपील

    पटना पुलिस ने सभी ज्वेलरी दुकानदार, वित्तीय संस्थान, पेट्रोल पंप संचालकों से अपील किया कि वह अपने प्रतिष्ठानों में सायरन या अलार्म सिस्टम के साथ ही उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं।