Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना नगर निगम को ‘डबल ए’ रेटिंग: अब 200 करोड़ का म्युनिसिपल बांड होगा जारी, NSE पर होगा लिस्ट

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 08:36 AM (GMT+05:30)

    पटना नगर निगम को इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च से 'डबल ए' रेटिंग मिली है, जिससे उसकी वित्तीय साख मजबूत हुई है। यह रेटिंग निगम को 200 करोड़ रुपये का म्युन ...और पढ़ें

    पटना नगर नि‍गम की व‍ित्‍तीय साख हुई मजबूत।

    पटना नगर नि‍गम की व‍ित्‍तीय साख हुई मजबूत।

    HighLights

    1. पटना नगर निगम को 'डबल ए' क्रेडिट रेटिंग मिली।

    2. 200 करोड़ रुपये का म्युनिसिपल बांड जारी होगा।

    3. बांड नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सूचीबद्ध होगा।

    जागरण संवाददाता, पटना। नगर निगम को म्युनिसिपल बांड जारी करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से पंजीकृत क्रेडिट रेटिंग एजेंसी इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च ने पटना नगर निगम को डबल ए’ रेटिंग दी है।

    इस रेटिंग से नगर निगम की वित्तीय साख और विश्वसनीयता मजबूत हुई है। साथ ही, प्रस्तावित 200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बांड को जारी करने की राह भी आसान हुई है।

    रेटिंग एजेंसी ने नगर निगम की वित्तीय स्थिति, राजस्व संग्रहण, आंतरिक आय के स्रोत और वित्तीय दायित्वों को समय पर पूरा करने की क्षमता का आकलन किया है।

    200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बांड की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण कदम

    नियमित और बेहतर राजस्व संग्रहण के साथ नगर निगम की आंतरिक आय के लगातार बने रहने वाले स्रोतों को भी रेटिंग में महत्वपूर्ण माना गया है।

    वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता और अनुशासन तथा राजस्व संग्रहण में लगातार हो रहे सुधार का भी इसमें योगदान रहा है। म्युनिसिपल बांड 10 साल की अवधि के लिए आने की उम्मीद है। 

    डबल ए रेटिंग मिलने के बाद नगर निगम अब म्युनिसिपल बांड जारी करने की अगली प्रक्रियाओं को पूरा करेगा। इसके तहत प्राइवेट प्लेसमेंट मेमोरेंडम (पीपीएम) दाखिल किया जाएगा।

    इसके अलावा जरूरी नियामकीय स्वीकृतियां लेने, बांड की संरचना तैयार करने और निवेशकों तक पहुंच बनाने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद बांड जारी और आवंटित किया जाएगा।

    क्रेडिट रेटिंग किसी संस्था की वित्तीय स्थिति और कर्ज चुकाने की क्षमता का संकेत देती है। रेटिंग जितनी बेहतर होती है, निवेशकों का भरोसा उतना अधिक माना जाता है।

    एए रेटिंग में निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत मानी गई है और उसके वित्तीय दायित्वों को समय पर पूरा करने की क्षमता पर रेटिंग एजेंसी का भरोसा है। यह एएए से एक पायदान नीचे की रेटिंग है।

    एनएसई पर सूचीबद्ध होगा म्युनिसिपल बांड 

    आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद म्युनिसिपल बांड को नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) पर सूचीबद्ध किया जाएगा। एनएसई पर सूचीबद्ध होने से बांड को संगठित, पारदर्शी और विनियमित पूंजी बाजार के माध्यम से संस्थागत निवेशकों तक पहुंचाने में सुविधा होगी।

    इससे नगर निगम को विकास कार्यों के लिए लंबे समय के वित्तीय संसाधन जुटाने में पूंजी बाजार का उपयोग करने का अवसर मिलेगा।