पटना मेट्रो प्रोजेक्ट में तेजी, मोइनउलहक स्टेडियम से गांधी मैदान तक टनल की खोदाई पूरी
पटना मेट्रो परियोजना के तहत मोइनउलहक स्टेडियम से गांधी मैदान तक टनल की खोदाई पूरी हो गई है। ...और पढ़ें

मोइनउल हक स्टेडियम मेट्रो स्टेशन का अंदरग्राउंड टनल। (जागरण)
HighLights
मोइनउलहक स्टेडियम से गांधी मैदान तक मेट्रो टनल पूरी।
जून से नेहरू पथ पर टनल खोदाई का कार्य शुरू।
मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर तक अंडरग्राउंड परिचालन।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में बहुप्रतीक्षित मेट्रो परियोजना के प्राथमिकता कॉरिडोर ने निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
मोइनउलहक स्टेडियम से गांधी मैदान तक मेट्रो टनल की खोदाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। यह परियोजना के अंडरग्राउंड कॉरिडोर का अहम हिस्सा है, जिससे शहर के प्रमुख इलाकों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, गांधी मैदान से आकाशवाणी तक टनल की खोदाई का कार्य भी लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और शेष कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके साथ ही मेट्रो निर्माण का अगला चरण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। जून माह से नेहरू पथ में टनल की खोदाई शुरू की जाएगी।
इसके लिए आवश्यक मिट्टी जांच साइल टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जून में ही टनल बोरिंग मशीन टीबीएम को नेहरू पथ पर लॉन्च किया जाएगा, जिसके बाद इस हिस्से में निर्माण कार्य गति पकड़ेगा।
मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के आगे राजेंद्र नगर की ओर मेट्रो का परिचालन अंडरग्राउंड टनल से होना है। महाली पकड़ी से राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के बीच रेल लाइन के नीचे से टनल का निर्माण किया जा रहा है।
यहां राजेंद्र नगर, मोइनउलहक स्टेडियम, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच और गांधी मैदान होते हुए अंडरग्राउंड टनल आकाशवाणी के पास पहुंचेगा। यहां से पटना जंक्शन तक मेट्रो का परिचालन अंडरग्राउंड ही रहेगा।
इस वर्ष के अंत तक प्राथमिकता कॉरिडोर पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से पटना जंक्शन तक निर्माण कार्य पूरा करते हुए परिचालन शुरू करने की योजना है। हाल ही में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
नेहरू पथ में जून से मेट्रो टनल का शुरू होगा निर्माण
नेहरू पथ पर जून माह से मेट्रो टनल का निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है। मिट्टी जांच के बाद अब संबंधित निर्माण स्थलों के पास मेट्रो प्रशासन ने बैरिकेडिंग भी शुरू कर दी है।
खबरें और भी
आयकर गोलंबर, विकास भवन और पटना जू के पास बैरिकेडिंग की गई है। नेहरू पथ पर आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन से एक अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन विद्युत भवन को जोड़ेगी। विद्युत भवन के पास एक नया अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा, जिससे सचिवालय क्षेत्र और आसपास के कार्यालयों को सीधी मेट्रो सुविधा मिलेगी।
यह अंडरग्राउंड टनल विद्युत भवन से आगे विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार और रुकनपुरा होते हुए पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन तक जाएगी। पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन के बाद मेट्रो सेवा एलिवेटेड ट्रैक पर संचालित होगी।
यह एलिवेटेड कारिडोर पाटलिपुत्र से आरपीएस मोड़ और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर मेट्रो स्टेशन तक जाएगा। नेहरू पथ में अंडरग्राउंड टनल और स्टेशनों के निर्माण को लेकर मिट्टी जांच साइल टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी हो गई है। रिपोर्ट के आधार पर टनल और स्टेशन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
महाली पकड़ी मेट्रो स्टेशन तक परिचालन शुरू करने की तैयारी
पटना मेट्रो के प्रथम चरण के तहत वर्तमान में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल और भूतनाथ मेट्रो स्टेशनों तक मेट्रो रेल का संचालन हो रहा है।
इस माह भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो परिचालन शुरू करने की तैयारी है। पटना शहर में मेट्रो रेल परियोजना पर लगातार काम जारी है। वर्ष 2019 में इस परियोजना को स्वीकृति मिली थी, जिसकी कुल लागत 13,365 करोड़ रुपये है।
वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने परियोजना का कार्य प्रारंभ कराया था। प्रथम चरण में 31.9 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बनाई जा रही है, जिसमें आधा हिस्सा एलिवेटेड और आधा अंडरग्राउंड होगा।
परियोजना के तहत दो कारिडोर निर्धारित किए गए हैं दानापुर मीठापुर पटना रेलवे स्टेशन और पटना रेलवे स्टेशन गांधी मैदान पीएमसीएच राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन बैरिया बस स्टैंड।
यह भी पढ़ें- पटना मेट्रो प्रोजेक्ट में तेजी: अंडरग्राउंड काम का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, कॉरिडोर-2 जल्द पूरा करने के निर्देश