Patna Metro Fair: ISBT से मलाही पकड़ी के लिए देने होंगे 30 रुपये, खेमनीचक में अभी नहीं रुकेगी ट्रेन
पटना मेट्रो के आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक का किराया 30 रुपये तय हो गया है, जबकि खेमनीचक स्टेशन पर अभी ट्रेन नहीं रुकेगी। ...और पढ़ें

पटना मेट्रो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पटना। आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू होने से पूर्व किराया भी लगभग तय हो गया है। जानकारी के अनुसार आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक का किराया 30 रुपये होगा। आईएसबीटी से भूतनाथ तक का किराया 15 रुपये है।
भूतनाथ से मलाही पकड़ी सेक्शन के शुरू होने के बाद खेमनीचक स्टेशन से मेट्रो तो गुजरेगी लेकिन यहां चल रहे निर्माण कार्य के कारण अभी यहां रुकेगी नहीं। स्टेशन पूरी तरह से बनकर तैयार होने के बाद ही खेमनीचक स्टेशन शुरू किया जाएगा।
सचिवालय क्षेत्र और आसपास के कार्यालयों को सीधी मेट्रो सुविधा
पटना मेट्रो परियोजना के तहत पश्चिमी कॉरिडोर में अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों खंडों पर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन से नेहरू पथ के रास्ते एक अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन विद्युत भवन को कनेक्ट करेगी। विद्युत भवन के पास नया अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे सचिवालय क्षेत्र और आसपास के कार्यालयों को सीधी मेट्रो सुविधा मिलेगी।
यह अंडरग्राउंड मेट्रो टनल विद्युत भवन से आगे विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार और रुकनपुरा होते हुए पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन तक जाएगी। पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन के बाद मेट्रो सेवा एलिवेटेड ट्रैक पर संचालित होगी।
एलिवेटेड कॉरिडोर पाटलिपुत्र से आरपीएस मोड़ और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर मेट्रो स्टेशन को जोड़ेगा, जिससे पश्चिमी पटना और दानापुर क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्टेशन निर्माण का कार्य प्रारंभ
नेहरू पथ में अंडरग्राउंड टनल और स्टेशनों के निर्माण को लेकर मिट्टी जांच (सायल टेस्टिंग) की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रिपोर्ट के आधार पर टनल और स्टेशन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। वहीं, दानापुर मेट्रो स्टेशन से पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन के बीच एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अधिकारियों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर इस खंड को चालू करने की तैयारी की जा रही है।