विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना दशहरा मेला के लिए पुतलों की ऊंचाई तय, रामलीला मंचन को लेकर संशय बरकरार 

Published: Tue, 08 Sep 2026 08:37 AM (IST)

पटना के गांधी मैदान में दशहरा मेला की तैयारी के बीच रामलीला मंचन को लेकर संशय बना हुआ है, जबकि ...और पढ़ें

दशहरा मेला में रावण दहन। फाइल फोटो

दशहरा मेला में रावण दहन। फाइल फोटो

HighLights

  1. गांधी मैदान में रामलीला मंचन को लेकर संशय बरकरार।

  2. रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई बढ़ाई गई।

  3. दशहरा कमेटी ने आयुक्त से रामलीला मंचन में सहयोग मांगा।

प्रभात रंजन, पटना। दशहरा आते ही पटना के गांधी मैदान में रामलीला की यादें ताजा हो जाती हैं। श्री दशहरा कमेटी की ओर से वर्षों से यहां रावण वध कार्यक्रम का आयोजन होता रहा है।

बीते वर्ष गांधी मैदान से रामलीला मंचन 11 दिनों तक हुआ था। हालांकि इस बार गांधी मैदान में दशहरा मेला आयोजित करने तैयारी को लेकर रामलीला मंचन को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।

दशहरा कमिटी के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि बीते वर्ष पटना प्रमंडल आयुक्त ने कला संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार 11 दिवसीय रामलीला का आयोजन गांधी मैदान में आयोजित करने का आदेश दिया गया था।

रामलीला और रावण वध कार्यक्रम को लेकर करीब 47 लाख रुपये खर्च हुए थे। वृंदावन से आए कलाकारों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का बखूबी मंचन किया था।

पर्याप्त जगह होने के कारण काफी संख्या में दर्शकों ने रामलीला की प्रस्तुति का आनंद उठाए थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों में काफी उत्साह था। इस बार दशहरा मेला गांधी मैदान में आयोजित होना है।

रामलीला मंचन को लेकर दुविधा की स्थिति बनी रहेगी। ऐसे में प्रशासन और दशहरा कमेटी के बीच जल्द समन्वय जरूरी है, ताकि पटना की वर्षों पुरानी रामलीला परंपरा इस बार भी गांधी मैदान में जीवंत हो सके।

कमिटी ने सोमवार को प्रमंडल आयुक्त को पत्र लिखकर 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक गांधी मैदान में रामलीला मंचन कराने को लेकर सहयोग करने की मांग की है।

रावण वध के साथ होता था रामलीला का मंचन

कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि बीते वर्ष पूर्व प्रमंडल आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में 18 अगस्त, 2025 को दशहरा महोत्सव को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। उस दौरान गांधी मैदान में रामलीला मंचन किया गया था।

वहीं, 2007, 2008 में रावण वध समारोह के साथ 11 दिवसीय रामलीला महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसके पूर्व 2006 में रामलीला का मंचन मिलर हाईस्कूल मैदान में किया गया था।

पटना में रामलीला का मंचन करने के लिए वृंदावन की नाट्य मंडली को बुलाया गया था। कमिटी की ओर से 1955 से गांधी मैदान में रावण वध कार्यक्रम का आयोजन होता रहा है।

आगरा के कलाकार करेंगे पुतला का निर्माण

रावण वध की तैयारी को लेकर कमेटी कार्य कर रही है। दशहरा के मौके पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले का निर्माण अक्टूबर के पहले सप्ताह से आरंभ हो जाएगा।

इस बार आगरा के कलाकार पुतला का निर्माण करेंगे। बीते वर्ष की तुलना में पुतला की ऊंचाई बढ़ेगी। रावण का पुतला इस बार 80 फीट का, कुंभकर्ण का 75 एवं मेघनाद का 70 फीट का होगा। पुतला के पहनावे को लेकर ट्रस्ट की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- त्योहारों में सफर होगा आसान: पटना और हावड़ा के बीच चलती रहेगी स्पेशल ट्रेन, 11-11 फेरे लगाएगी