फिल्मी स्टाइल में 27 लाख की लूट, पटना में हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन रोक गार्ड-चालक को पीटा
Patna Cash Van Robbery: पटना में दिनदहाड़े सीएमएस कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट हुई, जिसमें हथियारबंद बदमाशों ने गार्ड और चालक को पीटकर तिजोरी खुलवाई ...और पढ़ें

27 लाख रुपये लूटकर फरार
HighLights
पटना में दिनदहाड़े 27 लाख रुपये की कैश वैन लूट।
हथियारबंद बदमाशों ने गार्ड-चालक को पीटकर नकदी लूटी।
पुलिस सुरक्षा लापरवाही और अंदरूनी मिलीभगत की जांच कर रही।
संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। राजधानी Patna में सोमवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
संपतचक-फतुहा लिंक रोड पर जोलबीघा पूर्ण ग्राम के पास हथियारबंद बदमाशों ने सीएमएस कंपनी की कैश वैन को घेर लिया और करीब 27 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई।
तीन बाइक पर पहुंचे पांच अपराधी
जानकारी के अनुसार CMS Info Systems की कैश वैन बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों और मॉल से नकदी कलेक्शन कर फतुहा की ओर जा रही थी।
इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने वैन को ओवरटेक कर रोक लिया।
अपराधियों ने हथियार लहराते हुए चालक को गाड़ी रोकने पर मजबूर कर दिया।
गार्ड और चालक के साथ मारपीट
वैन रुकते ही बदमाशों ने चालक और गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी।
चालक के अनुसार अपराधियों ने सिर पर हथियार तानकर तिजोरी खोलने को कहा। विरोध करने पर चालक के कपड़े तक फाड़ दिए गए और बेरहमी से पीटा गया।
दहशत में आए कर्मचारियों को मजबूर होकर तिजोरी खोलनी पड़ी। इसके बाद बदमाश नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
खेत में फेंका कैश बॉक्स
भागने के दौरान अपराधियों ने कुछ दूरी पर खेत में कैश बॉक्स और अन्य सामान फेंक दिया।
पुलिस ने मौके से तिजोरीनुमा बॉक्स और बैग बरामद किया है। माना जा रहा है कि बदमाश रुपये निकालने के बाद बाकी सामान फेंककर भाग गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।
कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
वारदात की सूचना मिलते ही Bihar Police की कई टीमें मौके पर पहुंचीं।
बाईपास, रामकृष्ण नगर, गोपालपुर, कंकड़बाग, दीदारगंज और गौरीचक थाना की पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पूर्वी सिटी एसपी, टाउन एसपी, सेंट्रल एसपी और एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच में सुरक्षा में बड़ी लापरवाही उजागर
जांच के दौरान कैश वैन की सुरक्षा व्यवस्था में भी भारी लापरवाही सामने आई है।
एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि वैन में सीसीटीवी कैमरा तक नहीं लगा था। कैश रखने वाली तिजोरी खुली हुई थी और वाहन का गेट भी जर्जर हालत में मिला।
इतना ही नहीं, स्थानीय थाना को कैश मूवमेंट की कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी गई थी।
अंदरूनी मिलीभगत के एंगल पर जांच
पुलिस अब इस मामले में अंदरूनी मिलीभगत की आशंका पर भी जांच कर रही है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने राजधानी की कानून व्यवस्था को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।