Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना में ब्लैकआउट के बीच मर्डर से गुस्साए तेजस्वी यादव; बिहार में बढ़ा सियासी पारा

    Updated: Fri, 15 May 2026 02:08 PM (IST)

    राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट में ब्लैकआउट के दौरान मसाला कारोबारी पिंटू कुमार की हत्या ने बिहार की राजनीति गरमा दी है। तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्थ ...और पढ़ें

    तेजस्‍वी यादव ने सरकार पर साधा न‍िशाना।

    तेजस्‍वी यादव ने सरकार पर साधा न‍िशाना।

    HighLights

    1. पटना में ब्लैकआउट के दौरान कारोबारी की हत्या।

    2. तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल।

    3. पुलिस पुरानी रंजिश और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।

    डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजधानी पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में बीती रात ब्लैकआउट के दौरान हुई मसाला कारोबारी की हत्या ने सियासी गरमाहट बढ़ा दी है।

    इसे लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर जमकर हमला बोला है। बता दें कि सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट में ब्लैकआउट के दौरान कारोबारी पिंटू कुमार उर्फ बड़का की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

    तेजस्वी का तीखा हमला: ब्लैकआउट की टाइमिंग पर सवाल

    घटना को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और ब्लैकआउट की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

    तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल एक पोस्ट साझा करके आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि वे सरकारी व्यवस्था की कमजोरियों का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

    Tejashwi Tweet

    गंभीर संदेह: तेजस्वी यादव

    उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि सरकार द्वारा किए गए ब्लैकआउट किए जाने के महज कुछ मिनट बाद राजधानी में कारोबारी की हत्या होना गंभीर संदेह पैदा करता है।

    उन्होंने कहा है कि सरकार को जनता ने अपराधियों को पकड़ने की जिम्मेदारी दी है। तेजस्वी ने सरकार पर अपराधियों की 'सहयोगी' होने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं।

    तेजस्वी ने कहा कि यह जांच का विषय है कि अपराधियों ने ब्लैकआउट को वारदात के लिए अवसर के रूप में कैसे इस्तेमाल किया और क्या इसके पीछे किसी प्रकार की साजिश या मिलीभगत थी।

    ब्लैकआउट के बीच हुई हत्या से बढ़े सवाल

    बता दें कि पटना में गुरुवार शाम करीब सात बजे ब्लैकआउट शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद मुसल्लहपुर मंडी स्थित दुकान में घुसकर अपराधियों ने मसाला कारोबारी पिंटू कुमार को गोली मार दी गई थी।

    उन्हें पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता नेपाली साव ने घटना को लेकर जानकारी दी है।

    उन्होंने बताया कि अंधेरा होने के कारण किसी को कुछ समझ नहीं आया। गोली की आवाज भी धीमी थी, जिससे लोग तुरंत कुछ समझ नहीं सके। हत्या के बाद बदमाश फरार हो गए।

    पूर्व के विवाद में हत्‍या की आशंका

    पूर्वी पटना के एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में 15 दिन पहले हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, ब्लैकआउट के कारण इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं मिले हैं।

    पुलिस को एक फुटेज में एक युवक भागता हुआ दिखाई दिया है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। इधर, घटना के बाद विपक्ष ने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

    खबरें और भी

    राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि राजधानी में ब्लैकआउट के दौरान हुई यह हत्या आने वाले दिनों में बड़ा सियासी मुद्दा बन सकती है।

    यह भी पढ़ें- Patna Blackout Murder: ब्लैकआउट के अंधेरे में मसाला कारोबारी की हत्या, सिर में गोली मार अपराधी फरार