विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक रोशनी और खतरे में पड़ सकती है उड़ान, पटना एयरपोर्ट के आसपास अब लेजर पर होगी कड़ी निगरानी

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:56 PM (IST)

पटना एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइट, पक्षियों और आवारा कुत्तों से विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सख्त ...और पढ़ें

पटना एयरपोर्ट पर हुई बैठक

पटना एयरपोर्ट पर हुई बैठक

HighLights

  1. लेजर लाइट वाले संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित किया जाएगा।

  2. एयरपोर्ट के 10 किमी दायरे में मांस-मछली दुकानों पर नजर।

  3. आवारा कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, पटना। बारात और अन्य आयोजनों में आसमान की ओर चमकने वाली लेजर लाइट अब पटना एयरपोर्ट के आसपास प्रशासन के रडार पर होगी। तेज लेजर रोशनी से पायलट का ध्यान भटकने और उड़ान के दौरान दृश्यता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एयरपोर्ट के आसपास संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित किया जाएगा।

इन इलाकों में लेजर लाइट के इस्तेमाल पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाएगा। प्रमंडलीय आयुक्त-सह-अध्यक्ष, विमान पत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति (एईएमसी) राजेश कुमार ने मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर हुई बैठक में सुरक्षित एयर ट्रैफिक के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया।

पायलट की नजर पर पड़ने वाली लेजर लाइट होगी चिह्नित

आयुक्त ने कहा कि हवाई परिचालन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी कार्रवाई के लिए अगली बैठक का इंतजार नहीं किया जाए।

उन्होंने एयरपोर्ट निदेशक को ऐसे क्षेत्रों को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने का निर्देश दिया, जहां लेजर की रोशनी विमानों के परिचालन को प्रभावित कर सकती है। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में लेजर लाइट के इस्तेमाल पर नियंत्रण की कार्रवाई होगी।

10 किमी दायरे में मांस-मछली की दुकानों पर भी नजर

एयरपोर्ट के आसपास करीब 10 किलोमीटर की परिधि में खुले में मांस-मछली की बिक्री और अवशेषों का उचित निस्तारण नहीं होने से पक्षियों की गतिविधियां बढ़ने का खतरा है। इससे विमानों के सामने बर्ड हिट की आशंका बढ़ सकती है।

आयुक्त ने फुलवारीशरीफ, गर्दनीबाग नगर निकाय और पटना नगर निगम के अधिकारियों को एयरपोर्ट के आसपास अनधिकृत मांस-मछली की दुकानों पर रोक लगाने का निर्देश दिया। स्थायी वेंडिंग जोन चिह्नित कर वहां व्यवस्थित तरीके से दुकानों के संचालन की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

पेड़ों की छंटाई से लेकर सूखे ताड़ हटाने का निर्देश

एयरपोर्ट और नगर निकाय के अधिकारी संयुक्त निरीक्षण कर अनुपालन रिपोर्ट देंगे। एयरपोर्ट प्राधिकरण ने आसपास के कुछ पेड़ों की आवश्यकतानुसार छंटाई की जरूरत बताई।

आयुक्त ने पेड़ों की छंटाई कराने और सूखे ताड़ के पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने का निर्देश दिया। एयरपोर्ट के आसपास कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

रेलवे लाइन के आसपास भी हटेगा कचरा, जलजमाव पर भी नजर

रेलवे अधिकारियों को अपने क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के साथ नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील इलाकों में नियमित निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।

वर्षा के दौरान एयरपोर्ट के आसपास जलजमाव न हो, इसके लिए बुडको को ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। एयरपोर्ट अथारिटी और बुडको के अधिकारी संयुक्त निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की जांच करेंगे।

आवारा कुत्तों को भी सुरक्षित स्थान पर किया जाएगा शिफ्ट

पटना नगर निगम को एयरपोर्ट के आसपास घूमने वाले आवारा कुत्तों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने को कहा गया।

आयुक्त ने सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी तरह की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।

नियमित संयुक्त निरीक्षण और अनुपालन की निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया। बैठक में पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा, एयरपोर्ट निदेशक सीपी द्विवेदी, आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर सहित नगर निकाय, वन विभाग, बुडको, रेलवे और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।