Patliputra Greenfield Township: घर के पास स्कूल, अस्पताल और पार्क, पैदल पहुंचेंगे बच्चे; ऐसा होगा पूरा मास्टर प्लान
पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाएगा, जहाँ स्कूल, अस्पताल और पार्क जैसी आवश्यक सेवाएँ घर के पास ही मिलेंगी। ...और पढ़ें

पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप (AI फोटो)
HighLights
टाउनशिप में घर के पास स्कूल, अस्पताल, पार्क होंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा सुविधाओं को चार स्तरों पर बांटा।
बच्चों को स्कूल जाने के लिए लंबा सफर नहीं करना होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप को सिर्फ आवासीय क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि ऐसी आधुनिक और सुविधायुक्त टाउनशिप के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां लोगों को जरूरी सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
घर के आसपास स्कूल, अस्पताल, पार्क, सुरक्षा और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का खाका तैयार किया गया है।
टाउनशिप के सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर फ्रेमवर्क में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, मनोरंजन और सामुदायिक सुविधाओं को आबादी और जरूरत के हिसाब से विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए सुविधाओं को चार अलग-अलग स्तरों पर बांटा गया है।
मोहल्ले से क्षेत्रीय स्तर तक होगा सुविधाओं का नेटवर्क
योजना में मोहल्ला, सेक्टर, शहर और क्षेत्रीय स्तर पर अलग-अलग सुविधाएं विकसित करने का प्रविधान किया गया है।
मोहल्ला स्तर पर लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सेक्टर स्तर पर स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पार्क और पुलिस चौकी जैसी सुविधाएं होंगी। शहर स्तर पर विश्वविद्यालय, बड़े अस्पताल, खेल परिसर और सांस्कृतिक संस्थान विकसित किए जाएंगे, जबकि क्षेत्रीय स्तर पर बड़े संस्थानों की व्यवस्था होगी।
बच्चों को स्कूल जाने के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा सफर
मास्टर प्लान में शिक्षा को टाउनशिप की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। नर्सरी से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक शिक्षा की सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
स्कूलों की लोकेशन इस तरह तय करने का प्रस्ताव है कि बच्चे पैदल भी आसानी से स्कूल पहुंच सकें।
कॉलेजों को शहर की जरूरत के अनुसार विकसित किया जाएगा। विश्वविद्यालय और विशेष शिक्षण संस्थानों को प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक परिवहन मार्गों के आसपास विकसित करने की योजना है।
कोचिंग हब और उच्च शिक्षा संस्थानों के जरिए पटना को शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में और मजबूत करने का लक्ष्य है।
कितनी आबादी पर कितना स्कूल? तय किए गए मानक
टाउनशिप में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए आबादी के आधार पर मानक तय किए गए हैं।
2,500 लोगों पर एक नर्सरी-प्री-प्राइमरी स्कूल और 5,000 लोगों पर एक प्राथमिक विद्यालय का प्रस्ताव है।
7,500 लोगों पर एक माध्यमिक-उच्च माध्यमिक विद्यालय और 90 हजार से एक लाख की आबादी पर एकीकृत स्कूल विकसित करने की योजना है।
इसके अलावा 1.25 लाख लोगों पर एक कॉलेज और 10 लाख लोगों पर एक विश्वविद्यालय का मानक प्रस्तावित किया गया है।
सेक्टर में स्कूल, PHC, पार्क और पुलिस चौकी
टाउनशिप की योजना में सेक्टर स्तर पर ऐसी सुविधाएं देने पर जोर है, जिनकी जरूरत लोगों को नियमित रूप से पड़ती है। इनमें स्कूल के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पार्क और पुलिस चौकी शामिल हैं।
इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, हरियाली और सुरक्षा जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए लोगों को टाउनशिप से बाहर जाने की जरूरत कम से कम पड़े। आबादी बढ़ने के साथ सुविधाओं का विस्तार भी जरूरत के अनुसार किया जाएगा।
क्षेत्रीय स्तर पर स्पोर्ट्स सिटी और बड़े अस्पताल
शहर और क्षेत्रीय स्तर पर बड़ी सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है। शहर स्तर पर विश्वविद्यालय, बड़े अस्पताल, खेल परिसर और सांस्कृतिक संस्थानों की योजना है।
वहीं क्षेत्रीय स्तर पर स्पोर्ट्स सिटी, न्यायिक अकादमी, विशेष अस्पताल और बड़े विश्वविद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव है।
इस तरह टाउनशिप को केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक गतिविधियों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।
चार स्तरों पर ऐसे विकसित होगा पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर
- मोहल्ला स्तर: रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सामुदायिक सुविधाएं।
- सेक्टर स्तर: स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पार्क और पुलिस चौकी।
- शहर स्तर: विश्वविद्यालय, बड़े अस्पताल, खेल परिसर और सांस्कृतिक संस्थान।
- क्षेत्रीय स्तर: स्पोर्ट्स सिटी, न्यायिक अकादमी, विशेष अस्पताल और बड़े विश्वविद्यालय।
यह भी पढ़ें- पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप: 66 लाख लोगों को मिलेगा नया घर, साल 2047 तक का मास्टरप्लान तैयार