पटना के आसपास होगा NSD कैंपस, फिल्मों की शूटिंग के लिए सुनील शेट्टी ने भी दिखाई दिलचस्पी
पटना या उसके आसपास राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) का नया कैंपस बनेगा और गोलघर का पुनर्विकास अगले दो माह में शुरू होगा।

पटना के आसपास होगा NSD कैंपस, फिल्मों की शूटिंग के लिए सुनील शेट्टी ने भी दिखाई दिलचस्पी
HighLights
पटना के पास बनेगा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) का नया कैंपस।
गोलघर का पुनर्विकास कार्य अगले दो माह में होगा शुरू।
मिथिला पेंटिंग को विश्व रिकॉर्ड, सुनील शेट्टी की बिहार में शूटिंग में रुचि।
राज्य ब्यूरो, पटना। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) का नया कैंपस पटना या इसके आसपास के इलाके में बनाया जाएगा। जल्द ही मुख्यमंत्री की सहमति से अंतिम रूप से स्थल चयन किया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने बुधवार को सूचना भवन के संवाद में आयोजित विभागीय प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
विभागीय सचिव प्रणव कुमार ने बताया कि गोलघर के पुनर्विकास की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। अगले दो माह में यह काम शुरू होने की उम्मीद है। गोलघर की सीढ़ियों को आम पर्यटकों के लिए खोले जाने के सवाल पर सचिव ने कहा कि भवन की मजबूती का आकलन करने के बाद ही इसपर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
मंत्री प्रमोद कुमार ने बताया कि स्थानीय कला, संस्कृति एवं विरासत को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग 240 उत्सवों एवं महोत्सवों को शामिल करते हुए सांस्कृतिक कैलेंडर विभाग के स्तर से बनाया गया है।
जब मंत्री से महोत्सव में बाहरी कलाकारों को स्थानीय कलाकारों पर तरजीह देने और पूर्व में घोषित 60 प्रतिशत राशि स्थानीय कलाकारों पर खर्च न किए जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इसकी समीक्षा की जाएगी। राज्य सरकार की कोशिश है कि 60 नहीं, 70 प्रतिशत राशि स्थानीय कलाकारों पर खर्च की जाए।
एजेंसी की मदद से कलाकारों के चयन के सवाल पर सचिव प्रणव कुमार ने स्पष्ट किया कि विभाग के स्तर पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। अगर जिले में ऐसा हो रहा है, तो इसमें सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिया जाएगा। कलाकारों का चयन एजेंसी के स्तर से नहीं किया जाना है।
सचिव ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में व्यापक सर्वेक्षण कर अब तक आठ लाख से अधिक पाण्डुलिपियों को चिन्हित किया जा चुका है, जिनका डिजिटलीकरण कराया जाएगा।
रामचरितमानस पर आधारित मिथिला पेंटिंग विश्व रिकॉर्ड में दर्ज:
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि मधुबनी स्थित मिथिला चित्रकला संस्थान के स्तर से रामचरितमानस पर आधारित 108 मीटर लंबी मिथिला पेंटिंग को विश्व रिकॉर्ड का दर्जा दिया गया है। राज्य के सभी जिलों में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कई जिलों में प्रशिक्षण केंद्र खुल गए हैं। वहां सुयोग्य प्रशिक्षकों के माध्यम से नृत्य, संगीत, वाद्य यंत्र एवं अन्य कला विधाओं में लगभग तीन हजार बच्चों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत अब तक 411 कलाकारों का चयन किया जा चुका है। सभी जिलों में 620 दर्शक क्षमता वाले अटल कला भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
सुनील शेट्टी ने बिहार में फिल्म शूटिंग में दिखाई दिलचस्पी:
विभागीय सचिव ने सवाल के जवाब में बताया कि अभिनेता सुनील शेट्टी ने बिहार में फिल्म शूटिंग करने की इच्छा जताई है। इसको लेकर सकारात्मक बातचीत हुई है। अभिनेता के स्तर से आवेदन आते ही इसपर आगे कार्रवाई की जाएगी।
कलाकार पंजीकरण पोर्टल के माध्यम से सात हजार से अधिक कलाकारों ने पंजीकरण कराया है। फिल्म पोर्टल विकसित किया गया है। अब तक 862 कलाकार, 148 निर्माता तथा 29 सेवा प्रदाताओं को ऑनबोर्ड किया जा चुका है।
बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति के तहत अब तक राज्य में 59 से अधिक (46 फिल्मों, 02 वेब सीरीज और 11 डॉक्यूमेंट्री) परियोजनाओं की शूटिंग की अनुमति प्रदान की गई है। फिल्म और नाट्य के क्षेत्र में 47 मेधावी युवाओं को 30.46 लाख रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
