Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पप्पू यादव गिरफ्तारी पर केंद्र सख्त, नित्यानंद राय बोले-कानून तोड़ेगा तो कार्रवाई तय, प्रतिशोध का सवाल ही नहीं

    Updated: Mon, 09 Feb 2026 09:23 AM (IST)

    Nityanand Rai on Pappu Yadav Arrest: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर कहा कि कानून अपना काम करेगा, इसमें कोई राजन ...और पढ़ें

    पटना एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय।

    पटना एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राज्य ब्यूरो,पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सोमवार को प्रस्तावित पटना आगमन से पहले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय रविवार को राजधानी पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में कानून का राज है और जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है। इसमें किसी तरह की प्रतिशोध की राजनीति नहीं है और न ही सरकार बदले की भावना से काम करती है।

    पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले को राजनीतिक रंग देना गलत है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कानून तोड़ता है या उसके खिलाफ वारंट जारी है, तो कानून के तहत कार्रवाई होगी। इसे प्रतिशोध की राजनीति कहना पूरी तरह निराधार है और सच्चाई से दूर है।

    विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नित्यानंद राय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

    उन्होंने याद दिलाया कि विपक्ष के परिवार के कार्यकाल में चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला जैसे कई बड़े घोटाले हुए और बिहार में जंगलराज की स्थिति पैदा की गई। उन्होंने कहा कि जो किया गया है, उसकी सजा कानून तय करेगा और भाजपा सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार कानून के शासन में विश्वास करती है और किसी व्यक्ति, पद या राजनीतिक हैसियत के आधार पर अलग व्यवहार नहीं किया जाता। कानून सभी के लिए समान है और उसी के तहत कार्रवाई की जाती है।

    खबरें और भी

    एक अन्य प्रश्न के उत्तर में नित्यानंद राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वे गरीबों के सच्चे नेता हैं। उनके नेतृत्व में देश में लगातार विकासात्मक कार्य हो रहे हैं और आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना आगमन को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि पाटलिपुत्र की धरती पर उनका आगमन कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है और भाजपा की ओर से उनके भव्य स्वागत की पूरी तैयारी की जा चुकी है।

    यह भी पढ़ें- पप्पू यादव की जमानत पर आज बड़ा दिन, गिरफ्तारी के बाद बिहार से दिल्ली तक सियासी तूफान

    यह भी पढ़ें- आधी रात, पुलिस का घेरा और सत्ता से टकराव: पटना में कैसे अरेस्ट हुए MP पप्पू यादव, क्या है 31 साल पुराना मामला?