बिहार से ऑपरेट हो रहा था पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क, मुस्तफा के WhatsApp चैट और कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने में जुटी ATS
मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार मो. मुस्तफा सात-आठ माह से पाकिस्तानी हथियार तस्कर शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
मुस्तफा सात माह से पाकिस्तानी गैंग के संपर्क में था।
एटीएस हथियार तस्करी, हवाला लेनदेन की जांच कर रही है।
केंद्रीय एजेंसियां भी इस मामले में सतर्क हो गई हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार मो. मुस्तफा करीब सात-आठ माह से पाकिस्तानी हथियार तस्कर शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था।
बिहार पुलिस का आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की जांच में यह बात सामने आई है। शहजाद को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद अब एटीएस उससे पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुस्तफा हथियार पाने के लालच में पाकिस्तानी हैंडलराें के संपर्क में आया। मुस्तफा की इसी लालच का फायदा उठाकर पाकिस्तानी गैंग उसका इस्तेमाल कर रहा था।
इसी दौरान उससे मुजफ्फरपुर के एसएसबी और सीआरपीएफ कैंप की तस्वीर और वीडियो पाकिस्तानी हैंडलर्स ने मांगी थी। इसके अलावा मुस्तफा को एक और जिम्मेदारी दी गई थी- युवाओं को गुमराह कर गैंग से जोड़ने की।
एटीएस की जांच की सूई अब इसी दिशा की ओर घूम गई है। एटीएस अब मुस्तफा की तरह गैंग से जुड़े अन्य गुमराह युवकों की तलाश कर रही है।
इसके लिए मुस्तफा के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड, वॉट्सऐप चैट हिस्ट्री और इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल को खंगाला जा रहा है। इसमें कई अहम जानकारी एटीएस को मिली है।
हथियार तस्करी के नेटवर्क और हवाला के जरिए पैसे भेजने के मामले की जांच भी एटीएस कर रही है। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है, ताकि संबंधित ठिकानों का पता लगाकर इनपुट जुटाया जा सके।
युवाओं की करता है भर्ती, संपर्क में केंद्रीय एजेंसियां
पाकिस्तानी का शहजाद भट्टी गैंग लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों की साजिश रच रहा है। बिहार के पहले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों में भी उसने इंटरनेट मीडिया के जरिए युवाओं की भर्ती कर अपना गैंग बनाने की कोशिश की है।
ऐसे में मुस्तफा की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय एजेंसियां भी सतर्क हैं और एटीएस के अधिकारियों से इसकी जानकारी ली है। उससे पूछताछ में मुस्तफा के संपर्क में आए बिहार और बाहर के युवकों की तलाश की जा रही है।