प्रेमी को लेकर भिड़ीं 2 युवतियां, प्रेमिका ने दांत से काटी लड़की की नाक; पटना में हाई-वोल्टेज ड्रामा
पटना के गर्दनीबाग महिला थाने में प्रेम-प्रसंग के विवाद में एक युवती ने प्रेमी की दोस्त की नाक दांत से काट ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
-1792777472664_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
प्रेम प्रसंग विवाद में युवती ने प्रेमी की दोस्त की नाक काटी।
घायल युवती को गंभीर हालत में एम्स पटना रेफर किया गया।
आरोपित युवती ने प्रेमी पर शादी का झांसा देने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, पटना। गर्दनीबाग महिला थाने में शुक्रवार को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया। थाने पहुंचे प्रेमी और दो युवतियों के बीच जमकर हंगामा हुआ।
इस दौरान कथित प्रेमिका ने गुस्से में आकर प्रेमी की दोस्त की नाक दांत से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवती को पहले गर्दनीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से अरवल का रहने वाला एक युवक मसौढ़ी के सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। मुख्य आरोपित युवती का आरोप है कि उनका पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और जरूरत के नाम पर दो लाख रुपये भी ले लिए।
युवती का कहना है कि जब उसने शादी की बात उठाई, तो युवक मुकरने लगा। शुक्रवार को युवक खुद ही उसे लेकर महिला थाने पहुंचा था।
यारपुर रेलवे लाइन के पास हुई घटना
थाने में विवाद के दौरान युवक की एक अन्य महिला मित्र अपने भाई के साथ वहां पहुंच गई। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धमकी का दौर चला। इसी बीच, कथित प्रेमिका आत्महत्या करने की बात कहकर यारपुर रेलवे लाइन की तरफ भागी।
जब युवक की दोस्त उसे रोकने गई, तो आक्रोशित प्रेमिका ने उस पर हमला बोल दिया और दांत से उसकी नाक काट डाली।
दूसरी ओर, घायल युवती का दावा है कि आरोपित युवक उसके बचपन का दोस्त है और मीठापुर की रहने वाली कथित प्रेमिका उसे ब्लैकमेल कर रही है। महिला थानेदार ने बताया कि यह पूरी तरह आपसी विवाद का मामला है।
