Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बाढ़ बनेगा नया जिला? केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने किया बड़ा एलान, श्रवण बोले- सौ राजा के बराबर एक चोर की बुद्ध‍ि

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 09:07 AM (IST)

    केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बाढ़ को जिला बनाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि भविष्य में नए जिले बनने पर बाढ़ निश्चित रूप से शामिल होगा। इस घोषणा स ...और पढ़ें

    कार्यक्रम का शुभारंभ करते केंद्रीय मंत्री ललन स‍िंह, ब‍िहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार व साथ में अनंत स‍िंह व अन्‍य। जागरण

    कार्यक्रम का शुभारंभ करते केंद्रीय मंत्री ललन स‍िंह, ब‍िहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार व साथ में अनंत स‍िंह व अन्‍य। जागरण

    HighLights

    1. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बाढ़ को जिला बनाने का समर्थन किया।

    2. बिहार में नए जिले बनने पर बाढ़ निश्चित रूप से शामिल होगा।

    3. मंत्री श्रवण कुमार ने नीट पेपर लीक, विकास कार्यों पर चर्चा की।

    संवाद सहयोगी, बाढ़। पटना जिले के अनुमंडल मुख्यालय बाढ़ को जिला बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती दिख रही है।

    केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रविवार को बड़ा राजनीतिक एलान करते हुए कहा कि यदि बिहार में भविष्य में नया जिला बनाया जाता है तो बाढ़ निश्चित रूप से उसमें शामिल होगा।

    उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग को नई ऊर्जा मिल गई है। ललन सिंह बाढ़ के बिचली मलाही में जदयू के नए पार्टी कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

    कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मोकामा विधायक अनंत सिंह, जदयू के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    वर्षों पुरानी मांग को मिला नया राजनीतिक समर्थन

    बाढ़ को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। स्थानीय लोगों का तर्क है कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक, भौगोलिक और प्रशासनिक दृष्टि से जिला बनने की सभी योग्यताएं रखता है।

    फिलहाल यह पटना जिले के अंतर्गत अनुमंडल है, लेकिन जनसंख्या और क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए लोग इसे अलग जिला घोषित करने की मांग करते रहे हैं।

    नीतीश सरकार के विकास कार्यों का किया उल्लेख

    कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया।

    उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुआ है।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की विकासवादी सोच को आगे बढ़ाने के लिए निशांत कुमार को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं और आने वाले समय में विकास की यह यात्रा और आगे बढ़ेगी।

    नीट पेपर लीक पर बोले श्रवण कुमार

    कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने राष्ट्रीय मुद्दों पर भी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर विपक्ष की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि अब उनकी मांग पूरी हो चुकी है, इसलिए विपक्ष को संतुष्ट हो जाना चाहिए।

    उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और अधिक प्रभावी कानून बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।

    खबरें और भी

    श्रवण कुमार ने कहा, "सौ राजा के बराबर एक चोर की बुद्धि होती है, लेकिन सरकार उससे भी आगे की तैयारी कर रही है और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

    योजनाओं से लोगों को मुख्यधारा से जोड़ रही सरकार

    मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार जीविका सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

    अनंत सिंह के बेटे अभिषेक सिंह भी रहे मौजूद

    कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह अपने पुत्र अभिषेक सिंह के साथ पहुंचे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अभिषेक सिंह को माला पहनाकर आशीर्वाद दिया।

    मीडिया से बातचीत में अभिषेक सिंह ने कहा कि राजनीतिक विरासत केवल परिवार से नहीं मिलती, बल्कि जनता के विश्वास, प्यार और समर्थन से मिलती है। जनता का आशीर्वाद ही किसी भी नेता की सबसे बड़ी ताकत होता है।