जस्टिस वी. कामेश्वर राव होंगे पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश, SC कॉलेजियम की बैठक में फैसला
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। यह निर् ...और पढ़ें

न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव। (फाइल फोटो)
HighLights
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस वी. कामेश्वर राव की सिफारिश की।
जस्टिस राव पटना हाईकोर्ट के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे।
6 अगस्त 2026 को कॉलेजियम की बैठक में निर्णय लिया गया।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना हाईकोर्ट को जल्द नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है।
छह अगस्त 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में यह निर्णय लिया गया। कॉलेजियम ने उनके साथ तीन अन्य न्यायाधीशों को भी अलग-अलग हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की है।
जस्टिस वी. कामेश्वर राव का जन्म 7 अगस्त 1965 को हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से 1987 में भूगोल में बीए आनर्स और 1990 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
मार्च 1991 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण की प्रधान पीठ में वकालत की।
मद्रास हाईकोर्ट और पोर्ट ब्लेयर स्थित कलकत्ता हाईकोर्ट की सर्किट बेंच में भी मामलों की पैरवी की। उन्होंने सेवा, श्रम, मध्यस्थता, संवैधानिक और प्रशासनिक कानून से जुड़े मामलों में विशेषज्ञता हासिल की।
दिल्ली हाई कोर्ट ने नामित किया था सीनियर एडवोकेट
विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों और स्वायत्त संस्थाओं का प्रतिनिधित्व किया। जनवरी 2010 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें सीनियर एडवोकेट नामित किया।
17 अप्रैल 2013 को दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश और 18 मार्च 2015 को स्थायी न्यायाधीश बने। एक जून 2024 को कर्नाटक हाईकोर्ट में पदभार संभाला।
30 मई 2025 को वे कर्नाटक हाईकोर्ट के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश भी रहे। बाद में 21 जुलाई 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट लौटे। अब कॉलेजियम की सिफारिश के बाद उनकी नई जिम्मेदारी पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में तय होने की राह खुल गई है।