बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर की टीम में सेंध! एक के बाद एक बड़े नेता पहुंचे BJP के पाले में
जनसुराज से जुड़े कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटना में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। बांकीपुर उपचुनाव से ...और पढ़ें

केसी सिन्हा के बाद कई और नेता बीजेपी में शामिल
HighLights
जनसुराज के प्रमुख नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।
बांकीपुर उपचुनाव से पहले भाजपा को मिली मजबूती।
बिट्टू सिंह, केसी सिन्हा जैसे बड़े नाम भाजपा में।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी पटना में बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। जनसुराज से जुड़े कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इससे चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया। माना जा रहा है कि इन नेताओं के आने से भाजपा को पटना और आसपास के क्षेत्रों में संगठनात्मक मजबूती मिलेगी।
चेतना झांब, मधुकर यादव और श्रुति श्री ने थामा भाजपा का दामन
जनसुराज से जुड़ीं चेतना झांब, मधुकर यादव और श्रुति श्री ने गुरुवार को औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेतृत्व ने इसे भाजपा के विस्तार अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है।
राजनीतिक गलियारों में इन नेताओं के भाजपा में आने को आगामी चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। खासकर पटना की राजनीति में इन चेहरों की सक्रियता को देखते हुए यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पूर्व प्रत्याशियों के शामिल होने से बढ़ी भाजपा की ताकत
भाजपा में शामिल होने वालों में सबसे चर्चित नाम दीघा विधानसभा सीट से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे बिट्टू सिंह का है। उनके साथ उनकी पत्नी विनीता बिट्टू सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
विनीता बिट्टू सिंह इससे पहले मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं। ऐसे में भाजपा को स्थानीय स्तर पर उनके राजनीतिक अनुभव और जनसंपर्क का फायदा मिलने की उम्मीद है।
केसी सिन्हा और गोपाल सिंह के आने से बदले समीकरण
कुम्हरार विधानसभा सीट से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी और शिक्षक केसी सिन्हा भी हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। इसके अलावा मनेर विधानसभा क्षेत्र से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे गोपाल सिंह ने भी पार्टी का दामन थाम लिया है।
इन नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए हैं, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुआ स्वागत समारोह
पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में दीघा विधायक संजीव चौरसिया समेत भाजपा के कई नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की नीतियों और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी।
बांकीपुर उपचुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
राजधानी पटना की दीघा और कुम्हरार जैसी अहम विधानसभा सीटों से जुड़े नेताओं का भाजपा में शामिल होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खासकर ऐसे समय में जब बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियां तेज हो चुकी हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में और भी नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं और इसका असर उपचुनाव की रणनीतियों पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, प्रो. केसी सिन्हा समेत कई नेता BJP में शामिल
