विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IRCTC की नई वेबसाइट और एप तैयार: अब टिकट बुक करना होगा आसान, रेलवे ने किए 5 नए अपडेट

Published: Wed, 15 Jul 2026 08:00 AM (IST)

IRCTC ने अपनी नई वेबसाइट और मोबाइल ऐप का अपडेटेड संस्करण लॉन्च किया है, जिससे टिकट बुकिंग अब तेज, सरल ...और पढ़ें

HighLights

  1. IRCTC की नई वेबसाइट और ऐप लॉन्च, बुकिंग तेज।

  2. ऑनलाइन जनरल टिकट के लिए फोटो ID अनिवार्य।

  3. R-Wallet बोनस योजना 2028 तक बढ़ाई गई।

जागरण संवाददाता, पटना। रेलवे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, तेज और सुरक्षित टिकट बुकिंग अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। बुधवार से भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) अपनी नई वेबसाइट और मोबाइल एप का अपडेटेड संस्करण शुरू करेगा।

नई व्यवस्था में टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और पारदर्शी होगी। इसके साथ ही ऑनलाइन बुक किए जाने वाले जनरल टिकट के नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव लागू कर दिए गए हैं।

क्या-क्या हुए बदलाव

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई वेबसाइट और एप का इंटरफेस पूरी तरह आधुनिक बनाया गया है। अब यात्रियों को हर बार टिकट बुक करते समय अपनी व्यक्तिगत जानकारी दोबारा दर्ज नहीं करनी पड़ेगी। एक बार प्रोफाइल में जानकारी सुरक्षित करने के बाद सिस्टम उसे स्वतः याद रखेगा, जिससे टिकट बुकिंग में लगने वाला समय कम होगा।

नई व्यवस्था में बार-बार आने वाले पॉप-अप और अनावश्यक स्क्रीन को हटा दिया गया है। सभी श्रेणियों (क्लास) में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे यात्रियों को अलग-अलग विकल्प देखने के लिए बार-बार पेज बदलने की जरूरत नहीं होगी।

चेकआउट प्रक्रिया को भी छोटा और आसान बनाया गया है। कैप्चा जैसी जटिल प्रक्रियाओं को कम किया गया है, जबकि बाट के जरिए होने वाली फर्जी टिकट बुकिंग पर रोक लगाने के लिए नई तकनीकी व्यवस्था लागू की गई है। इससे तत्काल सहित सामान्य टिकट बुकिंग में वास्तविक यात्रियों को अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

ऑनलाइन जनरल टिकट के लिए नया नियम

रेलवे ने रेलवन ऐप से बुक किए जाने वाले अनारक्षित (जनरल) टिकट के लिए भी नया नियम लागू कर दिया है। अब ऐसे टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री के पास फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। हालांकि रेलवे आरक्षण काउंटर से खरीदे गए जनरल टिकट पर यह नियम लागू नहीं होगा।

नई व्यवस्था के तहत ऑनलाइन जनरल टिकट उसी मोबाइल नंबर से जुड़ा रहेगा, जिससे उसकी बुकिंग की गई है। टिकट को व्हाट्सएप पर साझा करने या किसी अन्य मोबाइल में स्क्रीनशॉट दिखाकर यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी।

टिकट जांच के दौरान यात्री को उसी मोबाइल में मूल टिकट दिखाना होगा, जिससे टिकट बुक किया गया था। यदि कोई यात्री दूसरे मोबाइल का स्क्रीनशाट दिखाता है, तो उसे बिना टिकट यात्रा करने वाला माना जा सकता है और रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

आर-वालेट बोनस योजना जारी रहेगी

रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लिए प्रोत्साहित करते हुए रेलवन ऐप के आर-वालेट से जनरल टिकट बुक करने पर मिलने वाली तीन प्रतिशत बोनस योजना को 24 अगस्त 2028 तक बढ़ा दिया है।

इससे नियमित रूप से डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने वाले यात्रियों को आर्थिक लाभ मिलता रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ऑनलाइन टिकट बुक करने के बाद यात्रा के दौरान अपना मूल फोटो पहचान पत्र साथ रखें और टिकट उसी मोबाइल फोन में सुरक्षित रखें, जिससे उसकी बुकिंग की गई है।

यह भी पढ़ें- बिहार में तत्काल टिकट का खेल बेनकाब, WhatsApp मैसेज से एजेंसियां अलर्ट, स्पेशल मॉनिटरिंग सेल गठित